बिजनौर। जनपद में अवैध कॉलोनियों के खिलाफ प्रशासन की कार्रवाई दूसरे दिन भी जारी रही। तहसीलदार सदर आशीष सक्सेना की अगुवाई में मंगलवार सुबह राजस्व विभाग की टीम जोधूवाला क्षेत्र पहुंची, जहां पहले से चिन्हित की गई अवैध कॉलोनियों की जांच की गई। प्रशासन के अनुसार जिन कॉलोनाइजरों ने अपने पास कॉलोनी से संबंधित कागजात होने का दावा किया था, जांच के दौरान वे दस्तावेज सही नहीं पाए गए। इसके बाद प्रशासन ने चिन्हित अवैध निर्माणों पर बुलडोजर चलाकर कार्रवाई शुरू कर दी।इसके बाद प्रशासनिक टीम फरीदपुर काजी उर्फ खेड़की क्षेत्र में पहुंची, जहां बन रही कई अवैध कॉलोनियों पर भी कार्रवाई की गई और वहां चार बुलडोजर लगाकर अवैध निर्माणों को ध्वस्त कराया गया। तहसील प्रशासन की इस कार्रवाई के दौरान मौके पर राजस्व विभाग और पुलिस की टीम भी मौजूद रही। लगातार दूसरे दिन चली इस कार्रवाई से अवैध कॉलोनियां विकसित करने वालों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है। वहीं प्रशासन की इस कार्रवाई को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं भी हो रही हैं। उधर जिन लोगों ने इन कॉलोनियों में प्लॉट खरीदे थे, वे अब अपनी रकम को लेकर चिंता में दिखाई दे रहे हैं। प्रशासन का कहना है कि अवैध रूप से विकसित की जा रही कॉलोनियों के खिलाफ आगे भी जांच और कार्रवाई जारी रहेगी।