शिक्षा की गुणवत्ता सुधार पर मंथन, जनप्रतिनिधियों व शिक्षकों का उन्मुखीकरण

नहटौर। बेसिक शिक्षा को और अधिक प्रभावी एवं परिणाममुखी बनाने के उद्देश्य से बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से नहटौर डिग्री कॉलेज के विवेकानंद सभागार में ब्लॉक स्तरीय ग्राम प्रधान, जनप्रतिनिधि एवं शिक्षकों का उन्मुखीकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा की गुणवत्ता सुधार, शत-प्रतिशत नामांकन, उपस्थिति बढ़ाने और शैक्षिक वातावरण को सुदृढ़ बनाने जैसे विषयों पर विस्तार से मंथन हुआ।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि क्षेत्रीय विधायक ओम कुमार ने कहा कि प्रदेश सरकार बेसिक शिक्षा को मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि सरकारी विद्यालयों में संसाधनों की कमी नहीं रहने दी जाएगी और प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। विधायक ने कहा कि शिक्षकों, अभिभावकों और जनप्रतिनिधियों के सामूहिक प्रयास से ही शिक्षा व्यवस्था में सकारात्मक बदलाव संभव है। उन्होंने क्षेत्र के विद्यालयों के विकास कार्यों में हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन भी दिया।
खंड शिक्षा अधिकारी वीरेंद्र पाल सिंह ने विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से छात्र-छात्राओं को मिलने वाली सुविधाओं, निपुण भारत मिशन के अंतर्गत बुनियादी साक्षरता और संख्यात्मक ज्ञान को मजबूत करने के प्रयासों, बालिका शिक्षा प्रोत्साहन योजनाओं तथा विद्यालयों में शैक्षिक गुणवत्ता सुधार के लिए चलाए जा रहे कार्यक्रमों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि शिक्षकों की नियमित मॉनिटरिंग, स्मार्ट क्लास, पुस्तकालय व्यवस्था और खेल गतिविधियों के माध्यम से बच्चों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित किया जा रहा है।
कार्यक्रम में ग्राम प्रधानों और जनप्रतिनिधियों से विद्यालयों की भौतिक सुविधाओं, स्वच्छता, पेयजल, शौचालय, बाउंड्रीवाल तथा नामांकन अभियान में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया गया। उपस्थित शिक्षकों ने भी अपने सुझाव रखे और विद्यालयों में नवाचार अपनाने पर बल दिया।
इस अवसर पर ब्लॉक के विभिन्न विद्यालयों के मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। सम्मान पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे और अभिभावकों ने भी प्रसन्नता व्यक्त की।
कार्यक्रम में भाजपा महिला मोर्चा जिला उपाध्यक्ष शोभा रानी, ब्लॉक प्रमुख राकेश चौधरी, सुखवीर सिंह, हेमराज सिंह, अभिषेक भटनागर सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, ग्राम प्रधान और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। अध्यक्षता प्रधान संघ के ब्लॉक अध्यक्ष उदित चौधरी ने की, जबकि संचालन शिक्षक रामअवतार सिंह ने किया।
कार्यक्रम का समापन शिक्षा की गुणवत्ता में निरंतर सुधार और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *