भदोही। लौह पुरुष भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में देशभर में चल रहे वर्ष भर के कार्यक्रमों के क्रम में एवं पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी के निर्देशन में भदोही जिले की पुलिस ने रविवार को एक अनुकरणीय मानवीय कार्य किया। अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल के नेतृत्व में पुलिस लाइन ज्ञानपुर के सभागार में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में पुलिस विभाग ,अपर पुलिस अधीक्षक एवं उनके एक सम्बन्धी आर्यन अग्रवाल सहित कुल 16 लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर सरदार पटेल के सेवा, समर्पण और राष्ट्रीय एकता के आदर्शों को चरितार्थ किया। रक्तदान करने वाले सम्मानित पुलिस कर्मियों में अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल, निरीक्षक राकेश कुमार सिंह (प्रभारी निरी0 यातायात), हे0कां0 देवचन्द्र राम, हे0कां0 कलीम खाँ, हे0कां0 मनोहर लाल, कां0 सत्येन्द्र चौधरी, कां0 सतीश कुमार, कां0 विपिन मौर्या, कां0 अनुराग यादव, कां0 पंकज कुमार गौतम, कां0 निर्मल तिवारी, कां0 रामेश्वर कुमार, कां0 नितिन सिंह, कां0 बिट्टू, कां0 विनय पाल रहे। सरदार वल्लभभाई पटेल जिन्हें भारतीय संघ के एकीकरण का प्रमुख शिल्पकार माना जाता है, ने हमेशा राष्ट्र सेवा और सामाजिक सद्भाव की प्रेरणा दी है। भदोही पुलिस द्वारा आयोजित यह रक्तदान शिविर उनके जन्म शताब्दी वर्ष में राष्ट्रीय एकता और जन सेवा के संदेश को मजबूत करने की दिशा में एक सार्थक कदम है। रक्तदान जैसा पुनीत कार्य न केवल जरूरतमंद मरीजों की जान बचाता है, बल्कि समाज में स्वयंसेवा और मानवीय संवेदना की भावना को भी प्रोत्साहित करता है। अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल ने इस अवसर पर कहा कि पुलिस विभाग जनसेवा के साथ-साथ ऐसे सामाजिक कार्यों के माध्यम से भी समाज के प्रति अपनी प्रतिबद्धता सिद्ध करता है। उन्होंने सभी रक्तदाताओं के उत्साह की सराहना की और भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों को निरंतर जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया। भदोही पुलिस का यह प्रयास सरदार पटेल की 150वीं जयंती के राष्ट्रव्यापी उत्सव में एक सकारात्मक योगदान है।