भाजपा नेता पर मारपीट व फर्जी मुकदमा दर्ज कराने का आरोप- महिलाओं ने कोतवाली पहुंचकर लगाई न्याय की गुहार

फतेहपुर। शहर के सदर कोतवाली क्षेत्र के सैयदवाड़ा मोहल्ले में एक महिला ने भाजपा कार्यकर्ता फैजान रिजवी सहित चार लोगों पर घर में घुसकर मारपीट करने और पुलिस के दबाव में फर्जी मुकदमा दर्ज कराने का आरोप लगाया है। पीड़ित महिला बुशरा खातून ने देर रात कोतवाली पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से कार्रवाई की मांग की।पीड़ित महिला का आरोप है कि 9 मार्च को फैजान रिजवी अपने चार साथियों के साथ उनके घर में घुस आए और गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। महिला के मुताबिक आरोपियों ने घर में रखी नगदी और जेवर भी छीन लिए। घटना के बाद जब उन्होंने पुलिस से शिकायत की तो उनकी बात नहीं सुनी गई। महिला का कहना है कि पुलिस ने उल्टा दबाव में आकर उनके बेटे समेत आठ लोगों के खिलाफ ही मुकदमा दर्ज कर लिया। जबकि जिस समय घटना बताकर उनके बेटे के खिलाफ मामला दर्ज किया गया, उस समय वह एक कैंटीन में सामान खरीद रहा था, जिसका सीसीटीवी फुटेज भी मौजूद है।पीड़िता ने बताया कि जब वह यह सीसीटीवी फुटेज लेकर थाने पहुंचीं और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की तो पुलिस ने उनकी एक नहीं सुनी और उन्हें थाने से भगा दिया। मामले से परेशान महिला ने मीडिया के सामने आकर न्याय की गुहार लगाई और आरोप लगाया कि फैजान रिजवी व उसके साथी पहले से भी उन्हें प्रताड़ित करते रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं इस संबंध में सदर कोतवाली प्रभारी हेमंत मिश्रा का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *