स्कूल में अव्यवस्थाओं पर भड़की भाकियू, चेतावनी—समस्या न सुलझी तो होगा आंदोलन

नहटौर। क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालयों में व्याप्त अव्यवस्थाओं को लेकर भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) ने कड़ा रुख अपनाया है। ब्लॉक अध्यक्ष मुनेश अहलावत के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने ब्लॉक संसाधन केंद्र पहुंचकर ज्ञापन सौंपा और जल्द समाधान न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।ज्ञापन में गांव जमालपुर मीमला स्थित प्राथमिक विद्यालय में गंभीर अनियमितताओं का आरोप लगाया गया है। कार्यकर्ताओं का कहना है कि विद्यालय के इंचार्ज अध्यापक का कार्यभार कथित रूप से गैरकानूनी तरीके से एक अन्य शिक्षक को सौंपा गया है, जिससे विद्यालय की व्यवस्था प्रभावित हो रही है।उन्होंने आरोप लगाया कि बच्चों को मिड-डे मील सही तरीके से नहीं मिल रहा है और छात्र-छात्राएं मूलभूत सुविधाओं से भी वंचित हैं। ग्रामीणों और अभिभावकों द्वारा कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।भाकियू कार्यकर्ताओं ने मांग की कि संबंधित शिक्षक का कार्यभार तत्काल बदला जाए। साथ ही सरकारी विद्यालयों में निजी स्कूलों की तर्ज पर अलग-अलग कक्षाएं संचालित करने, गर्मी के मौसम में स्कूल का समय सुबह 7 से 12 बजे तक करने, शिक्षकों से गैर-शैक्षणिक कार्य न लेने तथा निजी स्कूलों में मनमानी फीस वसूली पर रोक लगाने के लिए शासन स्तर पर प्रस्ताव भेजने की मांग भी उठाई।ज्ञापन देने वालों में राजेंद्र सिंह, नौभार सिंह, पुनीत तुषियर, लोकेंद्र सिंह, महेंद्र सिंह, ब्रजपाल सिंह, वरुण चिकारा, विकास कुमार, विमल कुमार और रोहित राणा सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *