बाराबंकी। रेलवे स्टेशन पर जीआरपी ने ईमानदारी और तत्परता की ऐसी मिसाल पेश की, जिसकी यात्रियों ने खुले दिल से सराहना की। ट्रेन में चढ़ने की जल्दबाजी में मुम्बई के एक दंपति का करीब 4 लाख रुपए मूल्य के सोने के जेवर और नकदी से भरा लेडीज पर्स प्लेटफॉर्म पर ही छूट गया। इसकी सूचना मिलने के बाद जीआरपी पुलिस ने बैग को सुरक्षित बरामद कर उसके मालिक दंपती को सौंप दिया। जीआरपी के अनुसार, 03 जुलाई 2026 की रात थाना जीआरपी बाराबंकी को एसआरपी कंट्रोल रूम, लखनऊ के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई। सूचना मुंबई निवासी बरकत अली पुत्र अजमत अली ने रेलवे हेल्पलाइन 139 पर दी थी। बरकत अली ने बताया कि वह अपनी पत्नी नसीम बानों के साथ बाराबंकी रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-3 पर आगरा जाने वाली ट्रेन का इंतजार कर रहे थे। ट्रेन आने पर जल्दबाजी में दोनों ट्रेन में सवार हो गए, लेकिन उनकी पत्नी का गुलाबी रंग का लेडीज पर्स प्लेटफॉर्म पर ही सीट पर छूट गया। दंपती ने पुलिस को बताया कि पर्स में 2 सोने की अंगूठियां 1 सोने की चेन, 2 जोड़ी सोने की कान की बालियां, 65 हजार रुपये नकद, अन्य आवश्यक सामान रखा हुआ था। पर्स में मौजूद सामान की कुल अनुमानित कीमत करीब 4 लाख रुपये बताई गई। सूचना मिलते ही प्लेटफॉर्म ड्यूटी पर तैनात हेड कांस्टेबल जितेंद्र कुमार यादव और कांस्टेबल ओमकार सिंह तुरंत बताए गए स्थान पर पहुंचे।read more:https://pahaltoday.com/census-of-india-will-be-digital-in-2027-in-bhadohi/ उन्होंने प्लेटफॉर्म की तलाशी ली तो पर्स उसी सीट पर सुरक्षित रखा मिला। जीआरपी कर्मियों ने पर्स को सुरक्षित थाना कार्यालय में जमा करा दिया और उसके वास्तविक मालिक के आने का इंतजार किया। कुछ समय बाद बरकत अली अपनी पत्नी नसीम बानों के साथ जीआरपी थाना बाराबंकी पहुंचे। आवश्यक पहचान और सत्यापन की प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस ने सुपुर्दगीनामा तैयार कर पर्स सहित उसमें रखा पूरा सामान सुरक्षित दंपती को वापस सौंप दिया। करीब 4 लाख रुपये मूल्य का सामान सुरक्षित वापस मिलने पर बरकत अली और उनकी पत्नी भावुक हो गए। उन्होंने जीआरपी बाराबंकी पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पुलिस की तत्परता और ईमानदारी की वजह से उनका कीमती सामान सुरक्षित मिल सका। मौके पर मौजूद अन्य यात्रियों ने भी जीआरपी बाराबंकी के इस सराहनीय कार्य की जमकर प्रशंसा की और इसे यात्रियों के प्रति पुलिस की जिम्मेदारी और विश्वास का उत्कृष्ट उदाहरण बताया। रेलवे हेल्पलाइन 139 पर समय रहते सूचना मिलने के बाद जीआरपी ने तत्काल कार्रवाई करते हुए प्लेटफॉर्म पर छोड़ा गया बैग बरामद कर लिया। यदि सूचना में देरी होती तो लाखों रुपये का सामान चोरी होने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता था। जीआरपी अधिकारियों ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा के दौरान अपने सामान का विशेष ध्यान रखें। यदि कोई सामान रेलवे स्टेशन या ट्रेन में छूट जाए तो तुरंत रेलवे हेल्पलाइन 139 अथवा निकटतम जीआरपी थाना को सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर सामान सुरक्षित बरामद किया जा सके।