आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को नियुक्ति पत्र व स्मार्टफोन वितरण, महिला सशक्तिकरण पर जोर

बिजनौर। बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग के तत्वावधान में कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार को भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए और स्मार्टफोन भी प्रदान किए गए। कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह की अध्यक्षता एवं जिलाधिकारी जसजीत कौर की उपस्थिति रही।कार्यक्रम के दौरान बाल विकास परियोजना कार्यालय का शिलान्यास एवं आंगनबाड़ी केंद्रों का लोकार्पण भी किया गया। साथ ही लखनऊ स्थित लोक भवन से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी दिखाया गया।जिला स्तर पर आयोजित कार्यक्रम में 20 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को नियुक्ति पत्र और 37 कार्यकत्रियों एवं मुख्य सेविकाओं को स्मार्टफोन वितरित किए गए। वहीं, जिलाधिकारी ने जानकारी दी कि जनपद के विभिन्न विकास खंडों में आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से कुल 858 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को नियुक्ति पत्र तथा 337 कार्यकत्रियों एवं मुख्य सेविकाओं को स्मार्टफोन प्रदान किए गए।इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां देश के भविष्य यानी बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और शिक्षा में अहम भूमिका निभाती हैं। यह जिम्मेदारी केवल नौकरी नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का महत्वपूर्ण दायित्व है।उन्होंने कहा कि स्मार्टफोन उपलब्ध कराने का उद्देश्य कार्यकत्रियों को आधुनिक तकनीक से जोड़ना है, जिससे कुपोषण रोकने और बच्चों के समुचित विकास में मदद मिल सके। साथ ही यह पूरी प्रक्रिया पारदर्शिता और योग्यता के आधार पर संपन्न कराई गई है।जिलाधिकारी जसजीत कौर ने कार्यकत्रियों से अपेक्षा की कि वे अपने दायित्वों का निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करें, ताकि कुपोषण मुक्त समाज के लक्ष्य को साकार किया जा सके।कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी रणविजय सिंह, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट कुणाल रस्तोगी, नगर पालिका अध्यक्ष इंदिरा सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी दुबे सहित अन्य अधिकारी, सुपरवाइजर, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां और सहायिकाएं उपस्थित रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *