बीना, सोनभद्र। चार प्रदेशों के श्रद्धालुओं की आस्था के केंद्र अति प्राचीन झींगुरदाह हनुमान मंदिर परिसर और उसके आसपास कथित अवैध अतिक्रमण का मामला सामने आया है। अतिक्रमण के कारण मंदिर परिसर की सुंदरता और धार्मिक वातावरण प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है। मामले को लेकर हनुमान मंदिर समिति के महासचिव दशाराम यादव ने मुख्यमंत्री, जिलाधिकारी सोनभद्र और समाज कल्याण राज्यमंत्री को पत्र भेजकर जांच एवं कार्रवाई की मांग की है।पत्र के माध्यम से समिति ने मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कराकर कथित अवैध अतिक्रमण की जांच कराने तथा अतिक्रमण पाए जाने पर उसे हटाने की मांग की है।
read more:https://pahaltoday.com/manveer-singh-arrested-near-nepal-border-sent-to-punjab-under-tight-security/साथ ही मंदिर की धार्मिक एवं ऐतिहासिक महत्ता को संरक्षित करते हुए क्षेत्र को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित और घोषित करने की मांग भी उठाई गई है। समिति महासचिव ने कहा कि झींगुरदाह हनुमान मंदिर लंबे समय से दूर-दराज के श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र रहा है। यहां विभिन्न प्रदेशों से श्रद्धालु दर्शन-पूजन के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में मंदिर के आसपास अनियोजित निर्माण अथवा अतिक्रमण से न केवल मंदिर की प्राकृतिक एवं धार्मिक सुंदरता प्रभावित हो सकती है, बल्कि श्रद्धालुओं के लिए भी असुविधा उत्पन्न होने की आशंका है। स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं ने भी प्रशासन से मामले का संज्ञान लेकर मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व वाले इस स्थल के संरक्षण के साथ मूलभूत सुविधाओं का विकास किया जाए तो इसे प्रमुख पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित किया जा सकता है।