रायबरेली-नसीराबाद थाना क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी और लूट की घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। बीते लगभग पंद्रह दिनों में एक के बाद एक कई वारदातें सामने आने से क्षेत्र की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि चोर-लुटेरे बेखौफ होकर घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं, जबकि पुलिस की सक्रियता कहीं नजर नहीं आ रही है।ताजा मामला 10 मार्च की रात का है। थाना नसीराबाद क्षेत्र के अशोक नगर, सुजवरिया गांव निवासी मंजू देवी पत्नी हंसराज के घर चोरों ने दरवाजे का ताला खोलकर घर में रखे जेवरात, नगदी और मोबाइल चोरी कर लिए।पीड़िता के अनुसार चोरी हुए सामान में सोने की झुमकी लगभग 7 ग्राम, सोने की नथ लगभग 5 ग्राम, तीन मंगलसूत्र, चार सोने की अंगूठियां, चांदी की करधनी लगभग 250 ग्राम, बड़ी चांदी की पायल लगभग 290 ग्राम, चार छोटी पायल, दो जोड़ी चांदी की बिछिया तथा लगभग 10 हजार रुपये नकद शामिल हैं।पीड़िता ने बताया कि रात में जब वह पेशाब के लिए उठीं तो देखा कि घर के दरवाजे खुले हुए हैं। अंदर जाकर देखा तो बक्से खुले पड़े थे और सामान बिखरा पड़ा था।read more:https://pahaltoday.com/crude-oil-prices-are-out-of-control-due-to-the-war-what-is-the-real-reason-behind-the-war-and-when-will-it-end/
जेवरात और नगदी गायब थी, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।23 फरवरी को बरोक मजरे सन्डहा गांव में शिवराम पुत्र भगवत प्रसाद के भतीजे के घर चोरी की घटना हुई थी। उस समय घर में कोई नहीं था, क्योंकि परिवार के लोग बाहर गए हुए थे। सूना घर देखकर चोरों ने वहां भी हाथ साफ कर दिया।8 मार्च को इसी गांव बरोक मजरे सन्डहा में फिर चोरी की घटना सामने आई थी, जिसमें जेवरात और नकदी चोरी हो गई थी। ग्रामीणों ने एक संदिग्ध युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया था। ग्रामीणों का कहना है कि युवक ने चोरी करना भी स्वीकार किया था, लेकिन पुलिस ने उसे नशेड़ी बताकर मामला हल्का करने की कोशिश की।वहीं पीड़ित को यह कहकर समझाया जाता रहा कि उसका सामान वापस मिल जाएगा।9 मार्च को मठिया मजरे बढ़ौना गांव में प्रियंका के घर चोरों ने धावा बोल दिया और घर में रखे जेवरात व नकदी लेकर फरार हो गए।10 मार्च को पुरे हाथी दुबे का पुरवा निवासी हरकेश कुमार दुबे अपनी पत्नी के साथ निमंत्रण से लौट रहे थे। गांव के पास ही बदमाशों ने कट्टे के बल पर उन्हें रोक लिया और जेवरात व नकदी लूटकर फरार हो गए।दिनदहाड़े हुई इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई।लगातार हो रही इन घटनाओं से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि पुलिस के ढुल मुल नीति और लीपा पोती के कारण अपराध का ग्राफ बढ़ रहा है।यदि अब भी समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो क्षेत्र में अपराध का ग्राफ और बढ़ सकता है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन के लचर रवैये की आलोचना की है साथ ही घटनाओं का जल्द खुलासा करने की मांग की है।