गाजीपुर। आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को जनपद के ऑडिटोरियम हॉल में जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला एवं पुलिस अधीक्षक डॉ ईरज राजा की संयुक्त अध्यक्षता में शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों के ताजिया आयोजकों, ग्राम प्रधानों, पार्षदों तथा संभ्रांत नागरिकों ने भाग लिया।read more:https://pahaltoday.com/us-iran-ceasefire-a-positive-step/
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि ताजिया जुलूस केवल पारंपरिक एवं पूर्व निर्धारित मार्गों से ही निकाले जाएंगे। किसी भी प्रकार के नए रूट अथवा नई परंपरा की अनुमति नहीं होगी। उन्होंने कहा कि सभी आयोजक प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर कार्य करें ताकि पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था पूरी तरह बनी रहे।
पुलिस अधीक्षक ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं आयोजकों से अपील करते हुए कहा कि मोहर्रम का पर्व आपसी भाईचारे और सौहार्द का प्रतीक है। सभी लोग अपने-अपने क्षेत्रों में शांति व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस-प्रशासन का सहयोग करें तथा किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचना पर ध्यान न दें।बैठक में सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी की बात भी कही गई। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाली पोस्ट, भ्रामक संदेश अथवा अफवाह फैलाने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ तत्काल एवं कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।प्रशासन ने सभी आयोजकों को निर्देशित किया कि किसी भी समस्या, विवाद या आकस्मिक स्थिति की सूचना तत्काल स्थानीय थाना, क्षेत्राधिकारी अथवा कंट्रोल रूम को दें, जिससे समय रहते प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।बैठक के अंत में ताजिया आयोजकों, ग्राम प्रधानों, पार्षदों एवं अन्य संभ्रांत नागरिकों ने प्रशासन को भरोसा दिलाया कि जनपद में मोहर्रम का पर्व परंपरागत उत्साह, अनुशासन, शांति और भाईचारे के साथ मनाया जाएगा।इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी, अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण), उपजिलाधिकारी सदर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।