बड़हलगंज। विदेश में नौकरी दिलाने और कोरिया भेजने का झांसा देकर करीब 12 लाख रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। अटौली गांव निवासी मन्नूलाल यादव ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर बड़हलगंज क्षेत्र के मंझरिया निवासी सोनू यादव और उसके संपर्क में रहने वाले कोलकाता निवासी सुजीत चक्रवर्ती के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत एफआईआर दर्ज किए जाने का उल्लेख है।मन्नूलाल के अनुसार, वह विदेश में काम करने के लिए जाना चाहता था। इसी दौरान उसकी बातचीत परिचित सोनू यादव से हुई। सोनू ने उसे कोरिया भेजने और वहां नौकरी दिलाने का भरोसा दिया। उसने बताया कि कोलकाता में उसका परिचित सुजीत चक्रवर्ती है, जो लोगों को विदेश भेजने का काम करता है। इसके बाद सुजीत से मोबाइल पर बातचीत कराई गई। आरोप है कि दोनों ने कोरिया भेजने के नाम पर करीब 12 से 13 लाख रुपये खर्च होने की बात कही।शिकायतकर्ता के मुताबिक, उसने अलग-अलग तिथियों में सोनू यादव के खाते में 1.60 लाख रुपये और सुजीत चक्रवर्ती के खाते में 1.10 लाख रुपये दिए। इसके बाद उसे बैंकॉक भेजा गया, जहां चार-पांच दिन रुकने के बाद भारत वापस बुला लिया गया।read more:https://pahaltoday.com/manveer-singh-arrested-near-nepal-border-sent-to-punjab-under-tight-security/ करीब आठ महीने बाद दो मई 2024 को कोरिया का वीजा लगवाने की बात कहकर उससे शेष रकम की मांग की गई।आरोप है कि इसके बाद कुल 9.30 लाख रुपये और लिए गए। इसमें सात मई 2024 को 7.30 लाख रुपये सोनू यादव के माध्यम से अमित यादव निवासी जीवकर नेवादा को उसके निजी आवास पर दिए जाने की बात कही गई है। शिकायतकर्ता के अनुसार, इस दौरान सतीश यादव गवाह के रूप में साथ थे। वहीं दो लाख रुपये उसने स्वयं नौ मई 2024 को अमित यादव को दिए।शिकायतकर्ता का आरोप है कि 23 जून 2024 को उसे कोरिया भेजा गया, लेकिन कोरिया एयरपोर्ट से ही वापस भारत भेज दिया गया। इसके बाद वह अपने घर लौट आया। कई बार सोनू यादव से रकम वापस करने की मांग की गई। आरोप है कि सोनू और सुजीत ने कुल रकम में से 2.60 लाख रुपये वापस कर दिए, लेकिन शेष रकम लौटाने से इनकार कर दिया।मन्नूलाल ने पुलिस से मामले की जांच कर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बकाया 9.40 लाख रुपये वापस दिलाने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।