आस्था सिंह भाषण प्रतियोगिता में अव्वल

जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय में स्वामी विवेकानंद के शिकागो धर्म संसद में दिए गए ऐतिहासिक भाषण की प्रासंगिकता विषय पर भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का आयोजन कल उमानाथ सिंह इंजीनियरिंग संस्थान में किया गया, जिसमें विश्वविद्यालय परिसर के विभिन्न पाठ्यक्रमों से 61 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता के उपरांत आज स्वामी विवेकानंद केंद्रीय पुस्तकालय में सम्मान एवं समापन कार्यक्रम आयोजित किया गया।प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने स्वामी विवेकानंद के 11 सितंबर 1893 के ऐतिहासिक भाषण की प्रासंगिकता एवं भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक परंपरा, धार्मिक सहिष्णुता, विश्वबंधुत्व तथा मानवता के संदेश पर अपने विचार प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों ने वर्तमान समय में स्वामी विवेकानंद के विचारों की प्रासंगिकता पर प्रकाश डालते हुए सामाजिक समरसता, सहिष्णुता, आत्मविश्वास और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका को रेखांकित किया।
प्रतियोगिता में एच आर डी विभाग की छात्रा आस्था सिंह ने अधिकतम अंक प्राप्त करके प्रथम, वैशाली राय ने द्वितीय तथा अमृता सिंह ने तृतीय स्थान प्राप्त किया विवेकानंद केंद्रीय पुस्तकालय में आयोजित सम्मान समारोह में विजेता विद्यार्थियों को प्रशस्ति-पत्र एवं स्मृति-चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया।read more:https://pahaltoday.com/demand-to-remove-government-country-liquor-shop-villagers-stage-protest-at-the-collectorate/#google_vignetteकार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. प्रमोद कुमार यादव ने कहा कि स्वामी विवेकानंद का शिकागो भाषण भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक परंपरा और मानवतावादी दृष्टिकोण का विश्व के समक्ष प्रभावशाली परिचय था। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद के विचार आज भी युवाओं को आत्मविश्वास, अनुशासन, सेवा और राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित करते हैं।मानद पुस्तकालयाध्यक्ष प्रो. राजकुमार सोनी ने कहा कि स्वामी विवेकानंद का शिकागो भाषण केवल एक ऐतिहासिक संबोधन नहीं, बल्कि भारतीय ज्ञान परंपरा, सहिष्णुता और विश्वबंधुत्व का वैश्विक संदेश है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वामी विवेकानंद के साहित्य एवं विचारों का अध्ययन कर उन्हें अपने जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया।कार्यक्रम संयोजक विभागाध्यक्ष एच आर डी विभाग डॉ. रसिकेश ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों में अभिव्यक्ति की क्षमता, सार्वजनिक वक्तृत्व-कौशल तथा भारतीय संस्कृति और मूल्यों के प्रति जागरूकता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद का जीवन और चिंतन युवाओं के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में डॉ. मनीष कुमार गुप्ता, डॉ. सुनील कुमार, डॉ. इंद्रेश गंगवार एवं शोधार्थी उद्देश्य सिंह शामिल रहे। निर्णायक मंडल के निर्णय के आधार पर विजेताओं का चयन किया गया।इस अवसर पर डॉ. मनीष कुमार गुप्ता, प्रो. मिथिलेश, इंद्रेश गंगवार, डॉ अनुपम कुमार , डॉ प्रवीण मिश्रा सहित विश्वविद्यालय के शिक्षकगण, अधिकारी, कर्मचारी, शोधार्थी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन छात्र अवंतिका यादव एवं प्रांजल मौर्य ने किया।स्वयंसेवक इंचार्ज दिव्यांशु सिंह एवं ऐशवी अस्थाना रहे। धन्यवाद ज्ञापन कार्यक्रम के आयोजक प्रो. राजकुमार ने किया। उन्होंने आयोजन से जुड़े सभी शिक्षकों, निर्णायक मंडल, विद्यार्थियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।छात्र खुशी सिंह , कुणाल मिश्रा , निधि सिंह , अनुराग तिवारी , उज्ज्वल सिंगज , संजना मिश्रा , अर्चना , साक्ष्य , अभय सिंह सहित विभिन्न संकायों के विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *