बलिया। उत्तर प्रदेश माटीकला विभाग की प्रचार-प्रसार योजना के अंतर्गत कृषि भवन बलिया के सभागार में 31 जुलाई 2026 को अपरान्ह 12:30 बजे से एक दिवसीय माटीकला जागरूकता शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर का उद्देश्य माटीकला व्यवसाय से जुड़े कारीगरों एवं युवाओं को विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराना तथा उन्हें स्वरोजगार के लिए प्रेरित करना है शिविर में मिट्टी के बर्तन, मूर्तियां, सजावटी सामग्री एवं अन्य माटीकला उत्पादों के निर्माण से संबंधित आधुनिक तकनीको , सरकारी सहायता, ऋण , अनुदान, प्रशिक्षण तथा विपणन की जानकारी दी जाएगी। शिविर में पारंपरिक कुम्हार समुदाय के साथ-साथ बाटीकला व्यवसाय में रूचि रखने वाले सभी इच्छुक युवक- युवतियों एवं कारीगरों को आमंत्रित किया गया है। विभाग द्वारा पात्र लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया एवं आवेदन संबंधी आवश्यक जानकारी भी उपलब्ध कराई जाएगी।
औषधीय पौधों से महकेंगे स्कूल, हर ब्लॉक के दो विद्यालय होंगे चयनित
बलिया। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला गंगा समिति, जिला वृक्षारोपण समिति एवं जिला पर्यावरण समिति की संयुक्त बैठक आयोजित हुई। बैठक में विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने जियो ट्रैकिंग कार्य में लापरवाही पर कड़ी नाराजगी जताई। समीक्षा के दौरान पाया गया कि वृक्षारोपण अभियान के तहत पांच विभागों द्वारा लगाए गए पौधों की जियो ट्रैकिंग शत-प्रतिशत पूरी नहीं की गई है। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल अपने-अपने विभाग के पौधों की जियो ट्रैकिंग पूर्ण कराकर उसकी रिपोर्ट प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। जिला गंगा समिति की बैठक में जिलाधिकारी ने जिले के सभी नालों की भी जियो ट्रैकिंग कराने का निर्देश दिया, ताकि उनकी समुचित निगरानी और संरक्षण सुनिश्चित किया जा सके। जिला पर्यावरण समिति की बैठक में जिलाधिकारी ने बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) को निर्देशित किया कि प्रत्येक विकास खंड से दो विद्यालयों का चयन कर वहां औषधीय पौधों का रोपण कराया जाए। साथ ही विद्यार्थियों को आयुर्वेद के जनक माने जाने वाले महर्षि चरक तथा औषधीय पौधों के महत्व की जानकारी भी दी जाए। उन्होंने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को इस संबंध में चयन प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। इसके अलावा जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट परिसर स्थित पार्क में भी औषधीय पौधों का रोपण कराने के निर्देश दिए, ताकि लोगों को इनके महत्व के प्रति जागरूक किया जा सके। बैठक में बलिया नगर के खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) के अनुपस्थित पाए जाने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए उनका वेतन रोकने के निर्देश बीएसए को दिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की प्राथमिकता वाले कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में डीएफओ, बीएसए मनीष कुमार सिंह एवं अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।