गाजीपुर जमानियां। श्रावण मास के अंतिम सोमवार पर सोमवारिया के अवसर पर जमानियां क्षेत्र के शिवालयों और पवित्र गंगा नदी के पक्का बलुआ घाट पर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ मंदिरों और घाटों पर पहुंचने लगी। हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष से पूरा क्षेत्र शिवमय हो उठा।नगर पालिका परिषद की ओर से पक्का बलुआ घाट पर श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए साफ-सफाई कराने के साथ चूने का छिड़काव कराया गया। महिलाओं के लिए कपड़े बदलने को टेंट लगाकर चारों तरफ से समुचित व्यवस्था की गई। गंगा घाट पर दूर-दराज से पहुंचे कांवड़ियों और शिवभक्तों ने गंगा में स्नान कर जल भरा और भगवान शिव का जलाभिषेक करने के लिए शिवालयों की ओर रवाना हुए।क्षेत्र के महेवा गांव स्थित प्रसिद्ध महेश्वरनाथ मंदिर में जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतार लगी रही। भक्त अपनी बारी का इंतजार करते हुए शिवलिंग पर गंगाजल, दूध, बेलपत्र और धतूरा अर्पित करते रहे। मंदिर परिसर में सुबह से ही हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारे गूंजते रहे।read more:https://pahaltoday.com/mobile-court-visits-ballia-to-hear-grievances-of-persons-with-disabilities-state-commissioner-issues-strict-directives/क्षेत्र के अन्य शिवालयों में भी रुद्राभिषेक, विशेष शृंगार, भजन-कीर्तन और भंडारे का आयोजन किया गया।युवा पुजारी उद्धव पांडेय ने बताया कि श्रावण मास के अंतिम सोमवार को भगवान शिव के रुद्राभिषेक और विशेष अनुष्ठान का विशेष धार्मिक महत्व माना जाता है। इस दिन श्रद्धालु गंगाजल, दूध, बेलपत्र और धतूरा अर्पित कर भगवान शिव की आराधना करते हैं।श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए। एसडीएम निधि, तहसीलदार राम नारायण वर्मा, क्षेत्राधिकारी अंकित तिवारी और कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राम सजन नागर के नेतृत्व में पुलिस बल घाटों और प्रमुख शिवालयों पर तैनात रहा। उपनिरीक्षक दिनेश सिंह, विमलेश कुमार, अनूप राय, मुकुल मिश्रा, सुधीर शुक्ला और दीपक मिश्रा समेत पुलिसकर्मी लगातार भ्रमण कर भीड़ को नियंत्रित करते रहे।पुलिस की सक्रियता के चलते श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी नहीं हुई। घाट और मंदिर परिसर में पुलिसकर्मियों की मौजूदगी से सुरक्षा व्यवस्था बनी रही और श्रद्धालुओं ने शांतिपूर्ण ढंग से भगवान शिव का पूजन-अर्चन किया। अंतिम सोमवारी पर उमड़ी भीड़ से जमानियां क्षेत्र में पूरे दिन भक्तिमय माहौल बना रहा।