सहारनपुर। उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में स्थित दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे पर एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया है।थाना बिहारीगढ़ क्षेत्र के अंतर्गत मोहंड रेंज में तेज रफ्तार के कारण सात वाहन आपस में टकरा गए। यह दुर्घटना इतनी भीषण थी कि कई गाड़ियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं और मौके पर चीख-पुकार मच गई। बताया जा रहा है कि अचानक ब्रेक फेल होने और अनियंत्रित गति की वजह से एक के बाद एक वाहन आपस में भिड़ते चले गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक्सप्रेस-वे पर चल रही पांच कारों के पीछे से एलपीजी सिलेंडरों से भरा एक ट्रक अनियंत्रित होकर टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दो कारें पूरी तरह पिचक गईं और कुछ गाड़ियां एक-दूसरे के ऊपर चढ़ गईं। दुर्घटना के बाद एक्सप्रेस-वे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और स्थानीय लोगों की मदद से राहत कार्य शुरू किया। क्षतिग्रस्त वाहनों में फंसे घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। गनीमत यह रही कि इस भयानक भिड़ंत के बावजूद अभी तक किसी के हताहत होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। यह हादसा उस समय हुआ है जब इस एक्सप्रेस-वे के भव्य उद्घाटन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 14 अप्रैल को प्रधानमंत्री इस एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन करने वाले हैं, जबकि 13 तारीख को मुख्यमंत्री का दौरा प्रस्तावित है। वीआईपी मूवमेंट और उद्घाटन से ठीक पहले हुए इस हादसे ने सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल, पुलिस क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात सुचारू करने में जुटी है। प्रशासन इस बात की जांच कर रहा है कि सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बावजूद इतनी बड़ी चूक कैसे हुई, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।