गाजीपुर। जिले के बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार पाने का सुनहरा अवसर सामने आया है। उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के तहत आगामी 4 जून को राजकीय आईटीआई परिसर में प्लेसमेंट इवेंट का आयोजन किया जाएगा, जिसमें गुजरात स्थित सुजुकी मोटर्स अहमदाबाद के लिए 500 पदों पर भर्ती की जाएगी।
जिला सेवायोजन अधिकारी विवेकानन्द सिंह ने बताया कि निदेशक सेवायोजन, उत्तर प्रदेश के निर्देशानुसार अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह प्लेसमेंट ड्राइव आयोजित की जा रही है। कार्यक्रम सुबह 10 बजे से शुरू होगा और भर्ती प्रक्रिया का संचालन विजन इंडिया प्राइवेट लिमिटेड द्वारा किया जाएगा।read more:https://pahaltoday.com/meritorious-students-who-were-in-the-top-ten-list-of-the-state-and-district-were-honored/
भर्ती FTC (फिक्स्ड टर्म कॉन्ट्रैक्ट) पद के लिए की जाएगी। इसके लिए अभ्यर्थियों का शारीरिक रूप से स्वस्थ होना आवश्यक है। आवेदन करने वाले उम्मीदवारों के लिए 10वीं में न्यूनतम 40 प्रतिशत तथा आईटीआई में न्यूनतम 50 प्रतिशत अंक होना अनिवार्य है।भर्ती में मोटर मैकेनिक, डीजल मैकेनिक, ट्रैक्टर मैकेनिक, मशीनिस्ट, इलेक्ट्रिशियन, फिटर, टर्नर, वेल्डर, पेंटर, वायरमैन, शीट मेटल, सीओई ऑटोमोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक मैकेनिक, टूल एंड डाई, पीपीओ तथा डाटा एंट्री ऑपरेटर सहित विभिन्न ट्रेडों के अभ्यर्थी भाग ले सकेंगे।चयनित अभ्यर्थियों को 36 माह के अनुबंध पर 25,300 रुपये प्रतिमाह सीटीसी के साथ अन्य सुविधाएं भी प्रदान की जाएंगी। ज्वाइनिंग के समय अभ्यर्थी की आयु 18 से 26 वर्ष के बीच होनी चाहिए।जिला सेवायोजन अधिकारी ने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी पहले रोजगार संगम पोर्टल पर अपना पंजीकरण सुनिश्चित कर लें। प्लेसमेंट इवेंट में प्रतिभाग करने के लिए सभी शैक्षिक प्रमाणपत्रों की मूल प्रतियां, आधार कार्ड, पैन कार्ड की स्व-सत्यापित छायाप्रति तथा एक पासपोर्ट आकार का फोटो साथ लाना अनिवार्य होगा।उन्होंने बताया कि भर्ती संबंधी सभी विवरण रोजगार संगम पोर्टल पर उपलब्ध हैं। अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी जिला सेवायोजन कार्यालय अथवा हेल्पलाइन नंबर 155330 पर संपर्क कर सकते हैं। भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को किसी प्रकार का यात्रा भत्ता देय नहीं होगा।