अमित अग्निहोत्री
उन्नाव। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर जनपद उन्नाव में भव्य शोभायात्रा एवं जुलूस का आयोजन किया गया। जुलूस की शुरुआत शहर के आईबीपी चौराहे से हुई, जहां से यह नगर के प्रमुख चौराहों एवं मार्गों से होते हुए पूरे शहर में निकाला गया। जुलूस के दौरान श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी गौरांग राठी एवं पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह के साथ सदर विधायक पंकज गुप्ता ने विधिवत पूजा-अर्चना कर किया। इसके बाद सभी गणमान्य अतिथियों ने हरी झंडी दिखाकर जुलूस को रवाना किया। बता दे कि जुलूस में भगवान शिव की आकर्षक झांकियां, डमरू दल, भजन-कीर्तन मंडलियां और शिव भक्तों की टोलियां शामिल रहीं। हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। विभिन्न स्थानों पर पुलिस बल तैनात किया गया था ताकि जुलूस शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके। महाशिवरात्रि के इस अवसर पर शहर में श्रद्धा और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला।