गाजीपुर, महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को लेकर संचालित मिशन शक्ति 5.0 (द्वितीय चरण) के अंतर्गत जनपद गाजीपुर में गुरुवार को एक भव्य बाइक रैली का आयोजन किया गया। यह आयोजन पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा के निर्देशन में संपन्न हुआ, जिसका उद्देश्य समाज के हर वर्ग तक महिला सुरक्षा और जागरूकता का संदेश पहुंचाना रहा।रैली का शुभारंभ अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अतुल कुमार सोनकर द्वारा थाना कोतवाली परिसर से हरी झंडी दिखाकर किया गया। इसके बाद रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। यह रैली कोतवाली से शुरू होकर रेलवे स्टेशन गाजीपुर सिटी, लंका चौराहा, विकास भवन, पीजी कॉलेज चौराहा होते हुए पुलिस लाइन्स परिसर तक पहुंची।बाइक रैली के दौरान पुलिस कर्मियों और महिला अधिकारियों ने “महिलाओं का सम्मान, देश का अभिमान” तथा “नारी सुरक्षा, सबकी जिम्मेदारी” जैसे नारों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया। रैली को देखने के लिए जगह-जगह लोगों की भीड़ उमड़ी और आमजन ने इस पहल की सराहना की।इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना, उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें सुरक्षित वातावरण प्रदान करना है। उन्होंने बताया कि पुलिस विभाग लगातार जनजागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ाने और अपराधों के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित कर रहा है।कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी नगर, प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन्स, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली, मिशन शक्ति प्रभारी सहित उनकी टीम, महिला थाना प्रभारी एवं टीम के साथ-साथ जनपद की विभिन्न शाखाओं में तैनात महिला उपनिरीक्षक, मुख्य आरक्षी और महिला आरक्षियों की सक्रिय सहभागिता रही।इस तरह की पहल से न केवल महिलाओं में सुरक्षा का भरोसा बढ़ता है, बल्कि समाज में सकारात्मक संदेश भी जाता है कि महिला सम्मान और सुरक्षा के प्रति पुलिस प्रशासन पूरी तरह संवेदनशील और प्रतिबद्ध है।