बेटी की शादी कर लौट रहा परिवार हुआ हादसे का शिकार, पति-पत्नी, इकलौते बेटे समेत 5 की मौत

 उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के दोहरीघाट थाना क्षेत्र में शुक्रवार और शनिवार की दरम्यानी रात एक ऐसा हृदयविदारक सड़क हादसा हुआ, जिसने एक परिवार की शादी की खुशियों को उम्र भर के मातम में बदल दिया। झारखंड के रांची से अपनी लाडली बेटी की शादी संपन्न कराकर वापस गोरखपुर लौट रहे एक ही परिवार के तीन सदस्यों और दो चालकों समेत कुल पांच लोगों की इस दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई। हादसा कुसुम्हा-बशारतपुर के पास वाराणसी-गोरखपुर फोरलेन पर हुआ, जहां एक तेज रफ्तार स्कार्पियो अनियंत्रित होकर डिवाइडर लांघते हुए सामने से आ रहे ट्रेलर से जा टकराई। मृतकों की पहचान गोरखपुर के खोराबार निवासी विनय श्रीवास्तव, उनकी पत्नी अर्चना श्रीवास्तव और उनके 27 वर्षीय इकलौते बेटे कृतार्थ के रूप में हुई है। इनके साथ ही वाहन चला रहे गया निवासी मुख्य चालक पुरुषोत्तम और सहायक चालक नितीश ने भी मौके पर ही दम तोड़ दिया। जानकारी के अनुसार, विनय श्रीवास्तव अपनी बेटी विमन्सा की शादी के लिए 20 अप्रैल को रांची गए थे। विवाह समारोह संपन्न होने के बाद शनिवार को वे किराए की स्कार्पियो से वापस घर लौट रहे थे। आधी रात करीब 2:30 बजे जैसे ही उनकी गाड़ी दोहरीघाट क्षेत्र में पहुंची, अचानक बेकाबू होकर डिवाइडर से टकराई और उछलकर दूसरी लेन में चली गई,read more:https://pahaltoday.com/the-government-is-considering-increasing-the-pension-limit-to-rs-10000-per-month/ जहां सामने से आ रहे भारी ट्रेलर ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कार्पियो के परखच्चे उड़ गए और वह लोहे के मलबे में तब्दील हो गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी संजय कुमार त्रिपाठी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे, लेकिन वाहन के भीतर फंसे शवों को निकालना बेहद चुनौतीपूर्ण था। पुलिस को गैस कटर और ट्रैक्टर की मदद लेनी पड़ी, जिसके बाद घंटों की मशक्कत के बाद शवों को बाहर निकाला जा सका। इस हादसे में वाहन में मौजूद एक पालतू कुत्ते की भी जान चली गई। हादसे के बाद ट्रेलर चालक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। प्रारंभिक जांच में अंदेशा जताया जा रहा है कि देर रात होने के कारण चालक को नींद की झपकी आई होगी या फिर वाहन की गति इतनी अधिक थी कि अनियंत्रित होने के बाद चालक उस पर काबू नहीं पा सका। इस घटना ने न केवल मृतक के पैतृक गांव रानीडीहा में शोक की लहर दौड़ दी है, बल्कि रांची में ससुराल पक्ष के लोग भी इस खबर से स्तब्ध हैं। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *