गाजीपुर जमानियां । नगर के सोनार टोली निवासी प्रतिष्ठित सर्राफा व्यवसायी ओमप्रकाश वर्मा के परिवार के लिए इस वर्ष की NEET-UG परीक्षा दोहरी खुशियां लेकर आई। उनके पोते प्रमन वर्मा और पोती तनिशा वर्मा ने एक साथ राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतिष्ठित परीक्षा में शानदार सफलता हासिल कर न सिर्फ अपने परिवार बल्कि पूरे जमानियां क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है।
सफलता की सूचना मिलते ही परिवार, रिश्तेदारों, शुभचिंतकों, व्यापारियों और नगरवासियों में खुशी की लहर दौड़ गई। एक ही परिवार के दो चचेरे भाई-बहन का एक साथ NEET-UG जैसी कठिन परीक्षा में सफलता प्राप्त करना पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय बन गया है।read more:https://khabarentertainment.in/prof-dr-rajendra-rajput-receives-guru-shree-2026-award-at-national-level-brings-honour-to-ghazipur/प्रमन वर्मा ने फरीदाबाद में रहकर कठिन परिश्रम के साथ तैयारी की और 99.90 पर्सेंटाइल हासिल कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। उनके पिता बृजेश वर्मा इंडियन ऑयल में वैज्ञानिक हैं, जबकि माता श्वेता वर्मा गृहिणी हैं।वहीं, तनिशा वर्मा ने भिलाई में रहकर तैयारी की और 96.11 पर्सेंटाइल प्राप्त कर सफलता का परचम लहराया। उनके पिता नीरज कुमार वर्मा भारतीय रेल के रायपुर मंडल में लोको पायलट हैं तथा माता ऋतु वर्मा गृहिणी हैं।प्रमन और तनिशा ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, गुरुजनों के मार्गदर्शन तथा निरंतर अनुशासित अध्ययन को दिया। उन्होंने कहा कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत ईमानदारी से की जाए तो कोई भी मंजिल दूर नहीं रहती।पालिका सदस्य सचिन कुमार वर्मा ने दोनों मेधावी छात्रों को बधाई देते हुए कहा कि जीवन में बड़ा लक्ष्य हासिल करने के लिए निष्ठा, अनुशासन और सतत परिश्रम आवश्यक है। प्रमन और तनिशा ने अपनी सफलता से यह साबित कर दिया है कि समर्पण और मेहनत का कोई विकल्प नहीं होता।नगर के गणमान्य लोगों और व्यापारियों ने दोनों विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वे भविष्य में चिकित्सा क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवाएं देकर गाजीपुर, जमानियां और प्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन करेंगे। वर्तमान में पूरे नगर में इस उल्लेखनीय उपलब्धि को लेकर उत्सव जैसा माहौल है।