पयागपुर में मंदिर के भंडारे में विवाद, मारपीट व धमकी का मामला दर्ज

बहराइच (पयागपुर तहसील )। थाना पयागपुर क्षेत्र में मंदिर के भंडारे के दौरान विवाद, मारपीट और जान से मारने की धमकी का गंभीर मामला सामने आया है। इस संबंध में पुलिस ने तहरीर के आधार पर कई नामजद व अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, कृष्णानगर कॉलोनी निवासी श्री महावीर प्रसाद मंडल ने थाना पयागपुर में दी गई तहरीर में बताया कि दिनांक 16 मार्च 2026 की रात वह अपने पिता के साथ शांति नगर पुरवा स्थित हरिचंद-गुरुचंद ठाकुर मंदिर में चल रहे भंडारे में शामिल होने गए थे। इसी दौरान आरोप है कि दूसरे गांव के कुछ लोग शराब के नशे में वहां पहुंच गए और मंदिर परिसर में प्रवेश करने लगे।शिकायतकर्ता के अनुसार जब उन्होंने शराब पीकर मंदिर में प्रवेश करने का विरोध किया तो आरोपितों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी और जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से चले गए।आरोप है कि इसके बाद रात करीब 11 बजे उक्त लोग अन्य साथियों के साथ चार पहिया वाहनों से शिकायतकर्ता के घर पहुंच गए, जहां गाली-गलौज, धक्का-मुक्की और पथराव किया गया। कुछ लोगों ने घर में घुसने का भी प्रयास किया। शोरगुल सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपित जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।पीड़ित ने बताया कि घटना की सूचना तत्काल 112 नंबर पर दी गई थी और पूरी घटना का वीडियो भी उनके पास मौजूद है। उन्होंने आशंका जताई है कि आरोपित भविष्य में गंभीर नुकसान पहुंचा सकते हैं।इस मामले में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं 191(2), 115(2), 352, 351(3) और 333 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच उपनिरीक्षक रमेश चंद्र को सौंपी गई है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *