जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के एकलव्य स्टेडियम में आयोजित जौनपुर प्रीमियर लीग (जेपीएल) टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट के रोमांचक फाइनल में जौनपुर पैंथर्स ने बदलापुर ब्लेजर्स को दो विकेट से हराकर ट्रॉफी अपने नाम की। जौनपुर पैंथर्स के दिव्य प्रकाश को मैन ऑफ द सीरीज तथा टीम के ही आकाश तिवारी को मैन ऑफ द मैच चुना गया, जबकि बदलापुर ब्लेजर्स के योगेश को बेस्ट बॉलर का पुरस्कार मिला। दिव्य प्रकाश की तूफानी बल्लेबाजी ने मैच का रुख पलट दिया और पैंथर्स ने 18.1 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर खिताब पर कब्जा जमा लिया।फाइनल में बदलापुर ब्लेजर्स के कप्तान अभिषेक यादव ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। निर्धारित 20 ओवरों में बदलापुर ब्लेजर्स की टीम आठ विकेट के नुकसान पर 111 रन ही बना सकी। टीम की ओर से बाल कृष्णा ने 40 गेंदों पर 29 रन की सबसे महत्वपूर्ण पारी खेली। योगेश यादव ने 17 गेंदों पर 21 रन बनाए, जबकि अखिल यादव ने 11 गेंदों पर 14 और अजीत यादव ने 12 गेंदों पर 14 रन का योगदान दिया।read more:https://pahaltoday.com/mobile-court-visits-ballia-to-hear-grievances-of-persons-with-disabilities-state-commissioner-issues-strict-directives/जौनपुर पैंथर्स के गेंदबाजों ने अनुशासित गेंदबाजी करते हुए विपक्षी टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचने से रोक दिया।
112 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी जौनपुर पैंथर्स को शुरुआत में कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ा। बदलापुर के गेंदबाजों ने लगातार विकेट लेकर मैच को रोमांचक बनाए रखा। दबावपूर्ण परिस्थिति में दिव्य प्रकाश ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए पारी को संभाला और मैच का रुख अपनी टीम के पक्ष में मोड़ दिया। अंतिम ओवरों तक चले रोमांचक संघर्ष के बाद जौनपुर पैंथर्स ने 18.1 ओवर में आठ विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया और दो विकेट से जीत दर्ज की।इस जीत के साथ जौनपुर पैंथर्स ने जेपीएल की ट्रॉफी अपने नाम कर ली। फाइनल मुकाबले ने खिलाड़ियों के कौशल, संघर्ष और खेल भावना का सुंदर प्रदर्शन किया। दर्शकों के लिए यह मुकाबला अंतिम गेंदों तक रोमांच से भरपूर रहा।फाइनल मुकाबले के अवसर पर भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व खिलाड़ी सुरेश रैना, भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं महाराष्ट्र के पूर्व गृह राज्य मंत्री कृपाशंकर सिंह, निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संजय निषाद, शाहगंज के विधायक रमेश सिंह, वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राकेश कुमार सिंह, जेपीएल के आयोजक अभिषेक सिंह तथा सेफाली बग्गा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति ने आयोजन को विशेष गरिमा प्रदान की।