सोनभद्र। किसान नौजवान संघर्ष मोर्चा के प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर शिकायती पत्र सौंपा। मोर्चा संयोजक संदीप मिश्र ने आरोप लगाया कि एक्साइज इंस्पेक्टर विनोद कुमार पुलिस टीम के साथ उनके घर पहुंचे और परिजनों से उनके बेटे के संबंध में कथित तौर पर कहा कि आपका बेटा गांजा बेचवाता है। मोर्चा ने इसे सामाजिक छवि खराब करने की साजिश बताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।संदीप मिश्र के मुताबिक, कथित कार्रवाई को आईजीआरएस पर की गई शिकायत से जोड़कर बताया गया, लेकिन शिकायतकर्ता का नाम और शिकायत से संबंधित तथ्य स्पष्ट नहीं किए गए। उन्होंने आरोप लगाया कि शिकायत के नाम पर उनके परिवार में भय का माहौल पैदा करने का प्रयास किया गया।
read more:https://pahaltoday.com/woman-posing-as-a-bride-flees-after-administering-a-sedative-remains-at-large-even-after-a-month-and-a-half/साथ ही उन्होंने शिकायतकर्ता की पहचान सार्वजनिक न किए जाने के बावजूद परिवार के सामने इस तरह की बातें कहे जाने पर आपत्ति जताई। मोर्चा संयोजक ने आरोप लगाया कि पूरे मामले में राजनीतिक दबाव में कार्रवाई किए जाने की आशंका है। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कर यह स्पष्ट करने की मांग की कि किस शिकायत के आधार पर पुलिस और आबकारी टीम उनके घर पहुंची तथा वहां परिजनों से कथित आरोप किस आधार पर लगाए गए। प्रतिनिधिमंडल ने अपर पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र सौंपकर मामले की जांच कराने, आरोप सही पाए जाने पर संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और भविष्य में किसी भी परिवार को शिकायत के नाम पर अनावश्यक रूप से भयभीत न किए जाने की मांग की। ज्ञापन देने वालों में दिनेश चेरो, आकाश चैहान, शत्रुधन बिंद, विजय चैहान और अरविंद कुमार शामिल रहे।