शेरकोट । करीब डेढ़ माह पहले दुबई से दिल्ली आते समय लापता हुआ युवक के दिल्ली के निजामुद्दीन इलाके में मिलने से परिजनो ने राहत की सांस ली।सूचना पर पंहुचे परिजन गुरुवार रात उसे वापस शेरकोट ले आए। गौरतलब हो कि मोहल्ला कोटरा निवासी मोहम्मद अफजल पुत्र शकील अहमद को 31 जुलाई को दुबई से दिल्ली पहुंचना था। परिजन उसे लेने दिल्ली एयरपोर्ट गए थे, लेकिन वह फ्लाइट में नहीं मिला।जिससे परिजनों में हड़कम्प मच गया था।और परिजन किसी अनहोनी की आशंका से भयभीत थे।खोजबीन करने पर पता चला कि वह पुणे एयरपोर्ट पर उतर गया था। परिजन पुणे पहुंचे और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। बताया जाता है कि पुलिस जांच में वह पुणे में एक बस में सवार होते हुए दिखाई दिया,लेकिन उसके बाद उसका कोई सुराग नहीं लगा।अफजल के भाई मोहम्मद फैसल ने बताया कि गुरुवार को उनके ही मोहल्ले के ही एक व्यक्ति ने फोन कर सूचना दी कि अफजल दिल्ली के निजामुद्दीन इलाके में उनके साथ है। सूचना मिलते ही परिवार दिल्ली पहुंचा और उसे घर ले आया।परिजनों के अनुसार अफजल मानसिक रूप से परेशान लग रहा है, इसलिए वह ठीक से कुछ बता नहीं पा रहा है।