रेहड़। पुलिस ने बाइक चोरी की घटना का खुलासा करते हुए एक युवक को चोरी की स्प्लेंडर प्लस बाइक के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपित ने पांच सितंबर को बादीगढ़ चौराहे से बाइक चोरी की थी। गांव डांडी दुर्जन निवासी पप्पू पुत्र रतन सिंह ने सात सितंबर को थाने में तहरीर देकर बताया था कि पांच सितंबर को वह सड़क दुर्घटना में मृत सचिन कश्यप को देखने अपनी स्प्लेंडर प्लस बाइक से आया था। वापस लौटते समय शाम करीब चार बजे वह बादीगढ़ चौराहे पर सामान खरीदने के लिए रुका और बाइक खड़ी कर दुकान पर चला गया। इसी दौरान अज्ञात चोर बाइक चोरी कर ले गया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। थानाध्यक्ष राजीव कुमार वर्मा ने बताया कि जांच के दौरान बाइक चोरी में गांव रानी नांगल निवासी हरजीत सिंह पुत्र श्याम सिंह का नाम प्रकाश में आया। मंगलवार शाम लगभग सात बजे पुलिस ने हरजीत सिंह को पीली डैम के पास से चोरी की गई स्प्लेंडर प्लस बाइक समेत गिरफ्तार कर लिया। थानाध्यक्ष के अनुसार, बुधवार को आरोपी का चालान कर दिया गया।