नोएडा! डूब क्षेत्र में बिजली आपूर्ति की मांग को लेकर भारतीय किसान परिषद के नेतृत्व में पर्थला ओवरब्रिज के पास मुख्य मार्ग पर विशाल महापंचायत आयोजित की गई। महापंचायत में करीब पांच हजार कामगारों और किसानों ने हिस्सा लेकर बिजली उपलब्ध कराने की मांग को लेकर आंदोलन जारी रखने का संकल्प लिया। महापंचायत में अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री की ओर से डूब क्षेत्र में बिजली उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं, लेकिन जिला स्तर पर अभी तक इस संबंध में कोई लिखित आदेश प्राप्त नहीं हुआ है। अधिकारियों की इस जानकारी के बाद सभा में मौजूद लोगों ने नाराजगी जताई और कहा कि जब तक शासनादेश उनके सामने नहीं रखा जाता, धरना समाप्त नहीं किया जाएगा। भारतीय किसान परिषद के नेता सुखवीर खलीफा ने कहा कि डूब क्षेत्र में करीब तीन लाख परिवार रहते हैं और बिजली के अभाव में बच्चों की पढ़ाई सहित आम लोगों का जीवन प्रभावित हो रहा है।read more:https://pahaltoday.com/ballia-police-receive-two-modern-interceptor-bikes-sp-omvir-singh-flags-them-off/ उन्होंने कहा कि बिजली कोई सुविधा नहीं, बल्कि लोगों की मूलभूत जरूरत है। महापंचायत में एडिशनल डीसीपी, एसीपी-1, एसीपी-3 नोएडा के अलावा बिजली विभाग के ईई कमर्शियल, विजिलेंस, रेजिडेंशियल और जेई मौजूद रहे। अधिकारियों ने आंदोलनकारियों को स्थिति से अवगत कराया। आंदोलन को समाजवादी पार्टी के जिला अध्यक्ष सुधीर भाटी और उनके साथियों तथा कांग्रेस के जिला अध्यक्ष दीपक भाटी सहित अन्य नेताओं ने समर्थन दिया। नेताओं ने कहा कि लंबे समय से बिजली की समस्या से जूझ रहे लोगों की मांग का समाधान होना चाहिए। सुखवीर खलीफा ने कहा कि भारतीय किसान परिषद कामगारों के साथ खड़ी है और गांधीवादी तरीके से संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक डूब क्षेत्र के लोगों को बिजली उपलब्ध कराने संबंधी लिखित आदेश नहीं मिलता, धरना जारी रहेगा।