राष्ट्रीय लोक अदालत के प्रचार को निकली कार रैली

बाराबंकी। राष्ट्रीय लोक अदालत के व्यापक प्रचार-प्रसार और आमजन को इसके महत्व के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से गुरुवार को जनपद न्यायालय परिसर से विभिन्न विभागों की कार रैली निकाली गई। जनपद न्यायाधीश प्रतिमा श्रीवास्तव ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। रैली में शामिल वाहनों ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर लोगों को 12 सितंबर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की जानकारी दी। लोगों को बताया गया कि लोक अदालत के माध्यम से विभिन्न वादों एवं विवादों का आपसी सुलह-समझौते के आधार पर सरल और त्वरित निस्तारण कराया जा सकता है। इस दौरान आमजन से राष्ट्रीय लोक अदालत का अधिकाधिक लाभ उठाने की अपील भी की गई।read more:https://pahaltoday.com/ballia-police-receive-two-modern-interceptor-bikes-sp-omvir-singh-flags-them-off/कार रैली में उद्यान, समाज कल्याण, सिंचाई, आबकारी, लोक निर्माण, नगर पालिका, मनरेगा, पशुपालन, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, वन, ग्राम्य विकास, चकबंदी, राजस्व, स्टाम्प, यातायात समेत विभिन्न विभागों के वाहन शामिल रहे। भारत संचार निगम लिमिटेड सहित अन्य विभागों ने भी रैली में सहभागिता की। कार रैली के बाद जनपद न्यायाधीश ने न्यायिक अधिकारियों के साथ राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकाधिक वादों के निस्तारण के लिए की जा रही कार्रवाई, पक्षकारों को समय से सूचना उपलब्ध कराने और लोक अदालत को सफल बनाने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण की पीठासीन अधिकारी अल्पना सक्सेना, अपर जिला जज एवं राष्ट्रीय लोक अदालत के नोडल अधिकारी श्रीकृष्ण चंद्र सिंह, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव उज्ज्वल उपाध्याय, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक)/नोडल अधिकारी राजकुमार सहित न्यायिक अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *