म्योरपुर, सोनभद्र। लगातार हो रही बारिश से म्योरपुर-लिलासी मार्ग पर हनुमान मंदिर से आगे तालाब के पास सड़क किनारे कटान होने से हादसे का खतरा बढ़ गया है। बारिश के कारण सड़क किनारे की मिट्टी बहने से सड़क का एक हिस्सा कटकर गहरे गड्ढे में तब्दील हो गया है। मार्ग पर प्रतिदिन सैकड़ों दोपहिया और चारपहिया वाहनों का आवागमन होता है, ऐसे में किसी भी समय दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक लगातार बारिश के चलते सड़क किनारे की मिट्टी तेजी से बह रही है। यदि समय रहते कटान को नहीं रोका गया तो गड्ढा और गहरा होकर सड़क के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले सकता है। रात के समय स्थिति और भी खतरनाक हो जाती है, क्योंकि अंधेरे में वाहन चालकों को सड़क किनारे हुए कटान का आसानी से पता नहीं चलता।read more:https://pahaltoday.com/manveer-singh-arrested-near-nepal-border-sent-to-punjab-under-tight-security/स्थानीय निवासी इरफान खान, प्रवीण कुमार, सुरेश केशरी, जितेंद्र गुप्ता और रंजीत जायसवाल समेत अन्य लोगों ने विभाग से तत्काल गड्ढे को भरवाने और सड़क को सुरक्षित कराने की मांग की है। इस संबंध में विभाग के अवर अभियंता योगेंद्र सिंह ने बताया कि कटान वाले स्थान पर मिट्टी से भरी बोरियां रखवा दी गई हैं। साथ ही वाहन चालकों को सावधानीपूर्वक आवागमन करने की सलाह दी गई है। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष भी इस गड्ढे को भरवाया गया था, लेकिन बारिश के दौरान दोबारा मिट्टी का कटान होने से यहां गड्ढा बन गया। अवर अभियंता ने बताया कि बारिश से क्षतिग्रस्त और कटान प्रभावित मार्गों की मरम्मत के लिए एस्टीमेट तैयार कर उच्च अधिकारियों को भेजा गया है। बजट प्राप्त होते ही कटान वाले स्थान को पक्का कराकर स्थायी रूप से दुरुस्त कराया जाएगा