*फिरोजाबाद*। गुणवत्तापूर्ण प्राथमिक शिक्षा, बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर और छात्र-छात्राओं की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने शनिवार को फिरोजाबाद ब्लॉक क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय नगला डरुआ, नगला खरसुली एवं उच्च प्राथमिक विद्यालय नगला खरसुली का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कक्षाओं में पहुंचकर बच्चों के पठन-पाठन का स्तर परखा, मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता जांची और विद्यालयों की साफ-सफाई एवं बुनियादी सुविधाओं का जायजा लिया।जिलाधिकारी ने प्राथमिक विद्यालय में कक्षा पांच के छात्र मनीष से हिंदी की पुस्तक पढ़वाई। छात्र के पठन कौशल की सराहना करते हुए उन्होंने अन्य बच्चों का भी उत्साहवर्धन किया और टॉफी वितरित की। विद्यालय में पंजीकृत 119 बच्चों के सापेक्ष 25 छात्र और पांच अध्यापक उपस्थित मिले। डीएम ने उपस्थिति पंजिका का गहन अवलोकन करते हुए पठन-पाठन के स्तर में और सुधार लाने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान दिव्यांग शौचालय और मध्याह्न भोजन व्यवस्था भी देखी गई। एमडीएम निर्धारित मीनू के अनुसार बनता मिला। प्रधानाचार्या ने विद्यालय के सामने स्थित खाली भूमि को बच्चों के खेल मैदान के रूप में आवंटित करने का अनुरोध किया, जिस पर जिलाधिकारी ने नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया।
*बच्चों से पूछे शरीर के अंगों के नाम*
इसके बाद जिलाधिकारी उच्च प्राथमिक विद्यालय नगला खरसुली पहुंचे। यहां उन्होंने बच्चों के सामान्य ज्ञान और विद्यालय परिसर की स्वच्छता व्यवस्था का निरीक्षण किया। कक्षाओं में जाकर डीएम ने छात्र-छात्राओं से ‘पार्ट्स ऑफ बॉडी’ यानी शरीर के अंगों के नाम पूछे, जिस पर बच्चों ने सटीक जवाब दिए।
विद्यालय में पंजीकृत 74 विद्यार्थियों के सापेक्ष 10 छात्र उपस्थित पाए गए। जिलाधिकारी ने पेयजल की गुणवत्ता, शौचालयों की क्रियाशीलता और उपस्थिति पंजिका का सूक्ष्म निरीक्षण किया।
*जर्जर आंगनबाड़ी भवन तत्काल ध्वस्त कराने के निर्देश*
विद्यालय परिसर में बने जर्जर आंगनबाड़ी केंद्र (बाल वाटिका) के भवन को सुरक्षा की दृष्टि से तत्काल ध्वस्त कराने के निर्देश दिए गए। वहीं, कक्षा के ठीक सामने बने शौचालय को ढकने के लिए ग्राम प्रधान को सुरक्षा दीवार बनवाने के सख्त निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान एक विद्यालय में 89 पंजीकृत बच्चों के सापेक्ष 52 छात्र और चार अध्यापक उपस्थित मिले। यहां भी मध्याह्न भोजन निर्धारित मीनू के अनुसार तैयार पाया गया। जिलाधिकारी ने विद्यालय परिसर की दैनिक एवं गहन साफ-सफाई सुनिश्चित करने के लिए जिम्मेदार कर्मचारियों को निर्देशित किया।
*लापरवाही पर होगी कड़ी कार्रवाई*
जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने कहा कि बेसिक शिक्षा के स्तर में सुधार शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। विद्यालयों में शिक्षकों की शत-प्रतिशत उपस्थिति, बच्चों की नियमित उपस्थिति और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान सहायक बेसिक शिक्षा अधिकारी भूपेन्द्र सिंह सहित अन्य विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।