गाजीपुर । जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने रविवार को कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, बाराचवर का स्थलीय निरीक्षण कर विद्यालय की व्यवस्थाओं की जमीनी हकीकत परखी। उन्होंने छात्राओं की उपस्थिति, भोजन की गुणवत्ता, आवासीय सुविधाओं, स्वास्थ्य सेवाओं और खेलकूद की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान विद्यालय भवन की स्थिति संतोषजनक न मिलने पर जिलाधिकारी ने वृहद मरम्मत के लिए निदेशालय को पत्र भेजने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने छात्राओं से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं जानीं। छात्राओं ने भी बेझिझक अपनी समस्याएं जिलाधिकारी के सामने रखीं, जिस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर समस्याओं का समाधान कराने के निर्देश दिए।
विद्यालय की व्यवस्थाओं को लेकर जिलाधिकारी ने वार्डन के प्रति नाराजगी जताई। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि छात्राओं को निर्धारित मेनू के अनुसार समय से गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जाए। साथ ही विद्यालय में आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। निरीक्षण के दौरान कुल नामांकित छात्राओं के सापेक्ष 53 छात्राएं उपस्थित मिलीं।विद्यालय में खराब पड़े पंखों को तत्काल दुरुस्त कराने के निर्देश भी जिलाधिकारी ने दिए।read more:https://pahaltoday.com/district-magistrate-holds-meeting-of-the-district-drinking-water-and-sanitation-mission-issues-directives/उन्होंने कहा कि आवासीय विद्यालय में रहने वाली छात्राओं को किसी भी मूलभूत सुविधा के लिए परेशानी नहीं होनी चाहिए और उनकी सुविधाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने छात्राओं के साथ बैडमिंटन खेलकर उनका उत्साहवर्धन किया। छात्राओं की खेल प्रतिभा और रुचि को देखते हुए उन्होंने एसडीएम मोहम्मदाबाद को क्षेत्र पंचायत अथवा ग्राम पंचायत के माध्यम से विद्यालय परिसर में बैडमिंटन कोर्ट बनवाने के निर्देश दिए। छात्राओं द्वारा खो-खो कोर्ट बनवाने का अनुरोध किए जाने पर जिलाधिकारी ने सहमति प्रदान करते हुए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।छात्राओं के स्वास्थ्य को लेकर भी जिलाधिकारी ने गंभीरता दिखाई। उन्होंने सोमवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम भेजकर विद्यालय की छात्राओं की आंखों की जांच कराने के निर्देश दिए। साथ ही छात्राओं को उपलब्ध कराई जा रही डीबीटी का भुगतान शत-प्रतिशत सुनिश्चित कराने को कहा।जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण भोजन, बेहतर आवासीय सुविधाएं, आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं और पर्याप्त खेलकूद की सुविधाएं हर हाल में उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कहा कि छात्राओं द्वारा बताई गई प्रत्येक समस्या को गंभीरता से लेते हुए उसका समयबद्ध और प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कराया जाए।निरीक्षण के अंत में जिलाधिकारी ने छात्राओं को चॉकलेट वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया। इस दौरान उप जिलाधिकारी मोहम्मदाबाद, खंड शिक्षा अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।