जमानियां। निपुण भारत मिशन के तहत बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान (FLN) तथा एनसीईआरटी आधारित नई पाठ्यपुस्तकों को प्रभावी ढंग से लागू करने के उद्देश्य से बीआरसी परिसर में आयोजित प्रथम बैच का पांच दिवसीय गैर आवासीय प्रशिक्षण शनिवार को संपन्न हुआ। प्रशिक्षण में 100 प्रधानाध्यापकों एवं इंचार्ज प्रधानाध्यापकों ने प्रतिभाग कर नई शैक्षिक व्यवस्था के अनुरूप शिक्षण की व्यावहारिक जानकारी हासिल की।प्रशिक्षण के दौरान एनसीईआरटी आधारित नई पाठ्यपुस्तकों ‘वीणा’, ‘गणित मेला’ और ‘संतूर’ की संरचना, विषयवस्तु और कक्षा-कक्ष में उनके प्रभावी उपयोग पर विस्तार से चर्चा की गई। शिक्षकों को गतिविधि आधारित शिक्षण के माध्यम से बच्चों में भाषा एवं गणितीय दक्षता विकसित करने के विभिन्न तरीकों का अभ्यास कराया गया।एआरपी अरविंद कुमार सिंह ने बताया कि प्रशिक्षण में बच्चों के सीखने के स्तर के अनुरूप भाषा और गणित शिक्षण की रणनीतियों पर विशेष जोर दिया गया। इसमें डिकोडिंग, ब्लेंडिंग, लेखन, संख्या ज्ञान एवं आकलन जैसे महत्वपूर्ण विषयों को शामिल किया गया।read more:https://pahaltoday.com/protest-by-the-all-gondwana-students-association-and-the-gond-community/साथ ही बच्चों की सीखने की कमी को दूर करने के लिए कैच-अप शिक्षण की व्यावहारिक जानकारी भी दी गई।प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागी शिक्षकों ने गतिविधि आधारित शिक्षण में सक्रिय सहभागिता करते हुए विभिन्न शिक्षण गतिविधियों का अभ्यास किया। प्रशिक्षकों ने बताया कि निपुण भारत मिशन का उद्देश्य प्राथमिक स्तर पर बच्चों में पढ़ने, लिखने और बुनियादी गणितीय अवधारणाओं को मजबूत करना है। इसके लिए शिक्षकों का प्रशिक्षण बेहद महत्वपूर्ण है, ताकि विद्यालय स्तर पर बच्चों के सीखने के परिणामों में अपेक्षित सुधार लाया जा सके।पांच दिवसीय प्रशिक्षण के माध्यम से प्रधानाध्यापकों एवं इंचार्ज प्रधानाध्यापकों को नई पाठ्यपुस्तकों के साथ-साथ एफएलएन आधारित शिक्षण पद्धतियों को कक्षा-कक्ष में लागू करने की जानकारी दी गई। प्रशिक्षणार्थियों ने कहा कि गतिविधि आधारित और बच्चों की क्षमता के अनुरूप शिक्षण से सीखने की प्रक्रिया को अधिक प्रभावी एवं रुचिकर बनाया जा सकता है।
इस अवसर पर एआरपी प्रेम कुमार यादव, मनोज पांडेय, अखिलेश गिरी, सुरेश, ब्लॉक अध्यक्ष सुरेंद्र नाथ सिंह, सुषमा सिंह, बिंदु कुमारी, राजकुमारी, कृष्णा यादव, नीलम मिश्रा, पूनम मिश्रा, पूर्णिमा मिश्रा, गुंजन मिश्रा, पीयूष मिश्रा सहित बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे।