चीनी के दामों ने बिगाड़ा मिठास का बजट, त्योहार से पहले मिठाइयां हुईं महंगी

गाजीपुर जमानियां। चीनी के दामों में अचानक हुई बढ़ोतरी ने आम आदमी की रसोई का बजट बिगाड़ दिया है। कुछ समय पहले करीब 48 रुपये प्रति किलो बिकने वाली चीनी अब खुदरा बाजार में 55 से 65 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई है। चीनी के साथ दूध, मावा, मैदा और ड्राई फ्रूट्स समेत अन्य कच्चे माल की कीमत बढ़ने से मिठाइयों के दाम भी बढ़ गए हैं। ऐसे में रक्षाबंधन और आगामी त्योहारों से पहले मिठाई खरीदना लोगों की जेब पर भारी पड़ रहा है।स्थानीय मिठाई कारोबारियों के अनुसार गन्ने की फसल प्रभावित होने और उत्पादन उम्मीद के मुताबिक नहीं होने से चीनी की कीमतों पर दबाव बढ़ा है। वहीं त्योहारों के नजदीक मांग बढ़ने से बाजार में भी तेजी आई है। इसका सीधा असर मिठाई की कीमतों पर देखने को मिल रहा है।जमानियां बाजार में कई प्रमुख मिठाइयों के दामों में भी बढ़ोतरी हुई है।

read more:https://pahaltoday.com/manveer-singh-arrested-near-nepal-border-sent-to-punjab-under-tight-security/ लड्डू 120 रुपये से बढ़कर करीब 140 रुपये किलो, बर्फी 220 से बढ़कर 250 रुपये, मिल्क केक 220 से 260 रुपये, छेना 150 से 220 रुपये, पेड़ा 200 से 240 रुपये और मंगदल 160 से बढ़कर 180 रुपये किलो तक पहुंच गया है। दुकानदारों का कहना है कि कच्चे माल की लागत बढ़ने के कारण पुराने भाव पर मिठाई बेचना मुश्किल हो गया है।मिठाई कारोबारी अनिल कुमार गुप्ता उर्फ सोनू, मुन्ना गुप्ता, राकेश कुमार गुप्ता, अंजनी कुमार गुप्ता, ऋतिक गुप्ता, शुभम गुप्ता, चंदन गुप्ता और सुनील कुमार गुप्ता उर्फ गब्बर समेत अन्य दुकानदारों ने बताया कि चीनी सहित अन्य सामग्री महंगी होने से मिठाई तैयार करने की लागत लगातार बढ़ रही है। इसका असर बिक्री पर भी पड़ रहा है। ग्राहकों को पहले की तुलना में मिठाई के लिए अधिक कीमत चुकानी पड़ रही है।त्योहारों के मौसम में मिठाइयों की मांग बढ़ने के बीच लगातार बढ़ते दामों ने आम परिवारों की चिंता बढ़ा दी है। चाय से लेकर घर में बनने वाले पकवानों तक चीनी की बढ़ी कीमत का असर दिखाई दे रहा है। कारोबारियों को उम्मीद है कि त्योहार के बाद बाजार में मांग और कीमतों में कुछ स्थिरता आ सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *