गाजियाबाद। महात्मा गांधी सभागार, कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी श्री रविन्द्र कुमार मॉंदड़ के निर्देशानुसार मुख्य विकास अधिकारी श्री कुमार सौरभ की अध्यक्षता में पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में बैंकों के स्तर पर लंबित ऋण संबंधी प्रकरणों तथा विद्युत विभाग के स्तर पर लंबित निरीक्षण एवं नेट मीटरिंग से संबंधित प्रकरणों की विस्तार से समीक्षा की गई। बैठक में सभी डिवीजन के अधिशासी अभियंता एवं अधीक्षण अभियंता, बैंकों के जिला समन्वयक, लीड बैंक मैनेजर तथा काफी संख्या में पंजीकृत वेंडर्स (फर्म्स) द्वारा प्रतिभाग किया गया।सर्वप्रथम डिस्कॉम स्तर पर लंबित प्रकरणों की समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान मुख्य विकास अधिकारी द्वारा निर्देशित किया गया कि निरीक्षण एवं नेट मीटरिंग के कारण लंबित सभी प्रकरणों का एक सप्ताह के अंदर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि लंबित प्रकरणों को समाप्त किया जा सके। लीड बैंक मैनेजर, जिला समन्वयक पंजाब नेशनल बैंक, जिला समन्वयक बैंक ऑफ बड़ौदा एवं जिला समन्वयक पंजाब एंड सिंध बैंक द्वारा बैठक में प्रतिभाग किया गया। अन्य बैंकों के प्रतिनिधियों के बैठक में उपस्थित न होने पर मुख्य विकास अधिकारी द्वारा नाराजगी व्यक्त की गई। उन्होंने निर्देश दिए कि अनुपस्थित बैंकों से संबंधित लंबित प्रकरणों की समीक्षा हेतु सोमवार को पुनः बैठक आयोजित की जाए। साथ ही निर्देशित किया गया कि यदि संबंधित बैंक के समन्वयक बैठक में उपस्थित नहीं होते हैं तो उन पर व्यक्तिगत रूप से पेनल्टी भी लगाई जा सकती है।बैठक में पंजीकृत वेंडर्स द्वारा भी अपनी समस्याएं रखी गईं। वेंडर्स द्वारा बैंक स्तर पर लंबित ऋण प्रकरणों के साथ-साथ नेट मीटरिंग एवं नेट मीटरिंग के कॉन्फिगरेशन से संबंधित समस्याओं से अवगत कराया गया। इस पर मुख्य विकास अधिकारी द्वारा निर्देश दिए गए कि संबंधित प्रकरणों को संपूर्ण विवरण सहित संबंधित विद्युत डिवीजन में प्रस्तुत किया जाए तथा एक सप्ताह के अंदर उनका निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। यदि किसी प्रकरण का निर्धारित अवधि में निस्तारण नहीं होता है तो उक्त प्रकरण की सूचना यूपी नेडा के माध्यम से मुख्य विकास अधिकारी को उपलब्ध कराई जाए।
read more:https://pahaltoday.com/manveer-singh-arrested-near-nepal-border-sent-to-punjab-under-tight-security/
सरकारी भवनों पर सोलर रूफटॉप स्थापना
बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी द्वारा जनपद स्तरीय अधिकारियों को भी निर्देशित किया गया कि विभिन्न सरकारी विभागों के सरकारी भवनों पर आरईएससीओ मोड में सोलर रूफटॉप संयंत्रों की स्थापना हेतु अपने-अपने विभाग के भवनों का विवरण यूपी नेडा द्वारा विकसित पोर्टल पर तत्काल अपलोड कराया जाए। इस संबंध में पुलिस विभाग, राजकीय पॉलीटेक्निक, युवा कल्याण विभाग, जिला पंचायत राज अधिकारी, आईटीआई,उप निदेशक कृषि, बेसिक शिक्षा विभाग तथा विकास खंड विकास अधिकारी उपस्थित रहे। मुख्य विकास अधिकारी द्वारा सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि तीन दिवस के अंदर अपने-अपने विभाग के समस्त पात्र सरकारी भवनों का संपूर्ण विवरण यूपी नेडा द्वारा विकसित पोर्टल पर अपलोड कराना सुनिश्चित करें। पोर्टल पर विवरण अपलोड करने में किसी प्रकार की कठिनाई होने पर उपलब्ध कराए गए मोबाइल नंबर पर संपर्क कर समस्या का तत्काल समाधान कराया जाए। इस कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। बैठक में परियोजना अधिकारी, यूपी नेडा द्वारा समीक्षा हेतु विवरण प्रस्तुत किया गया, जिसमें योजना की प्रगति एवं संबंधित विषयों की जानकारी दी गई।
स्मार्ट मीटर एवं नेट मीटरिंग संबंधी निर्देश
बैठक में स्मार्ट मीटर स्थापना करने वाली फर्म के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। मुख्य विकास अधिकारी द्वारा उन्हें निर्देशित किया गया कि नेट मीटरिंग तथा मीटर के कॉन्फिगरेशन से संबंधित कार्यों में अनावश्यक विलंब न किया जाए तथा लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। मुख्य विकास अधिकारी द्वारा योजना के प्रभावी क्रियान्वयन, लंबित प्रकरणों के समयबद्ध निस्तारण तथा संबंधित विभागों एवं बैंकों के मध्य बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।अंत में सभी अधिकारियों, बैंक प्रतिनिधियों एवं वेंडर्स का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए बैठक का समापन किया गया।