पठानकोट: पठानकोट जिले के लमीणी स्थित मल्टीपरपज स्पोर्ट्स स्टेडियम में 80वां स्वतंत्रता दिवस श्रद्धा, उत्साह और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। जिला स्तरीय समारोह में पंजाब के कैबिनेट मंत्री श्री लाल चंद कटारूचक ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और राष्ट्रीय ध्वज फहराकर परेड की सलामी ली। अपने संबोधन में उन्होंने देश की आजादी के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले महान शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया। उन्होंने बताया कि पंजाब सरकार शहीदों के सपनों का पंजाब बनाने के लिए प्रतिबद्ध है और शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, कृषि व खेल जैसे क्षेत्रों को विशेष प्राथमिकता दे रही है।
राज्य में शहीद जवानों के परिवारों के लिए अनुग्रह राशि 50 लाख से बढ़ाकर 1 करोड़ रुपये कर दी गई है, अप्रैल 2022 से अब तक 69,000 से अधिक सरकारी नौकरियां दी गई हैं और 90% से अधिक घरों का बिजली बिल शून्य आ रहा है। पठानकोट जिले के विकास का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि जिले में 32 आम आदमी क्लिनिक कार्यरत हैं, जिला अस्पताल में नई MRI व अल्ट्रासाउंड मशीन लगाई जा रही है, 58 खेल मैदान तैयार किए जा रहे हैं और 265 लिंक सड़कों की मरम्मत की गई है। समारोह में आकर्षक मार्च पास्ट, सांस्कृतिक कार्यक्रम और योग प्रदर्शन पेश किया गया। उत्कृष्ट कार्य करने वाली शख्सियतों को सम्मानित करने के साथ ही मुख्य अतिथि ने स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में सोमवार को जिले के सभी स्कूलों में अवकाश की घोषणा की।