सोनभद्र। देश के विभाजन की त्रासदी में जान गंवाने वाले और विस्थापन की असहनीय पीड़ा झेलने वाले लाखों लोगों के संघर्ष एवं बलिदान को स्मरण करते हुए शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ मनाया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, शिक्षकों एवं छात्राओं ने दो मिनट का मौन रखकर विभाजन के दौरान जान गंवाने वाले लोगों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यमंत्री समाज कल्याण विभाग उत्तर प्रदेश शासन संजीव कुमार गोंड ने कहा कि देश का विभाजन भारतीय इतिहास की अत्यंत पीड़ादायक घटनाओं में से एक है। उस दौर में असंख्य परिवारों ने अपने प्रियजनों को खोया और लाखों लोगों को अपना घर-बार छोड़कर विस्थापन की पीड़ा झेलनी पड़ी। विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस उन सभी के संघर्ष, त्याग और बलिदान को श्रद्धापूर्वक याद करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि इतिहास की इस त्रासदी से हमें सीख मिलती है कि आपसी भाईचारा, सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय एकता ही राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति है। जाति, धर्म, क्षेत्र और भाषा के भेद से ऊपर उठकर राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए एकजुट होकर आगे बढ़ना ही विभाजन की पीड़ा झेलने वाले लोगों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उत्तर प्रदेश अनुसूचित जनजाति आयोग के उपाध्यक्ष जीत सिंह खरवार ने कहा कि यह दिवस इतिहास के उस कठिन दौर की याद दिलाता है, जब लाखों लोगों को विस्थापन, संघर्ष और अपनों से बिछड़ने की पीड़ा सहनी पड़ी। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को देश के इतिहास और स्वतंत्रता के संघर्ष से परिचित कराना जरूरी है। इतिहास की पीड़ा हमें विभाजन नहीं, बल्कि एकता के महत्व का संदेश देती है। उन्होंने नागरिकों से देश की एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता को सर्वोपरि रखते हुए अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया। साथ ही ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना के साथ विकसित, सशक्त और समरस भारत के निर्माण में योगदान देने का संकल्प दिलाया। इस दौरान जिलाधिकारी चर्चित गौड़, मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, जिला समाज कल्याण अधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह भदौरिया, जिला विद्यालय निरीक्षक जय राम सिंह, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी सुधांशु शेखर शर्मा, सहायक पर्यटन अधिकारी राजेश कुमार भारती, अपर जिला सूचना अधिकारी विनय कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी, शिक्षक एवं छात्राएं मौजूद रहीं।
स्वतंत्रता दिवस पर देशभक्ति के रंग में रंगेगा सोनभद्र, होंगे विविध कार्यक्रम
सोनभद्र। 15 अगस्त को 80वां स्वतंत्रता दिवस सोनभद्र में पूरे हर्षोल्लास, गरिमा और राष्ट्रभक्ति के वातावरण में मनाया जाएगा। जिला प्रशासन की ओर से जनपद एवं तहसील स्तर पर विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई है। शहरों में विशेष साफ-सफाई, सरकारी भवनों की सजावट और प्रमुख स्थलों पर देशभक्ति से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सरकारी भवनों को रोशनी से सजाने के साथ प्रमुख ऐतिहासिक स्थलों पर तिरंगा लाइटिंग भी की गई है।जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रमों की शुरुआत सुबह सात बजे प्रभात फेरी से होगी। जनपद एवं तहसील स्तर पर निकलने वाली प्रभात फेरी में विद्यालयों के छात्र-छात्राएं शामिल होंगे। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिस विभाग की ओर से आवश्यक प्रबंध किए जाएंगे। इसी समय तियरा स्टेडियम में क्रॉस कंट्री रेस भी आयोजित होगी। इसका उद्घाटन उप जिलाधिकारी सदर करेंगे, जबकि विजेता प्रतिभागियों को जिलाधिकारी पुरस्कृत करेंगे। सुबह आठ बजे जनपद के सभी सरकारी एवं गैर सरकारी भवनों पर ध्वजारोहण और राष्ट्रगान होगा। इसके बाद सुबह 10ः15 बजे विद्यालयों एवं शिक्षण संस्थानों में ध्वजारोहण के साथ देशभक्ति और राष्ट्र निर्माण से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। सुबह 10ः35 बजे तहसील रॉबर्ट्सगंज एवं घोरावल में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की पत्नियों को संबंधित उप जिलाधिकारी एवं तहसीलदार द्वारा सम्मानित किया जाएगा। 11 बजे जिलाधिकारी कार्यालय परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम होगा। जिले के अन्य कार्यालयों और विद्यालयों में भी पौधरोपण किया जाएगा। दोपहर 12 बजे राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, रॉबर्ट्सगंज में देशभक्ति गीतों एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। ध्वजारोहण के बाद राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालयों और कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालयों में विद्यार्थियों के साथ विशेष भोज का आयोजन होगा। दोपहर 1ः30 बजे स्थानीय निकायों की मलिन बस्तियों में स्वास्थ्य परीक्षण शिविर लगाए जाएंगे और मिष्ठान वितरित किया जाएगा। दोपहर दो बजे जिला चिकित्सालय में भर्ती मरीजों तथा कस्तूरबा विद्यालय, राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय सहित अन्य संस्थानों के विद्यार्थियों को फल एवं मिष्ठान वितरित किया जाएगा। अपराह्न तीन बजे परासी दुबे स्थित शहीद स्थल पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को सम्मानित कर माल्यार्पण किया जाएगा तथा शहीद उद्यान में श्रद्धासुमन अर्पित किए जाएंगे। स्वतंत्रता दिवस की शाम 6ः30 बजे विवेकानंद प्रेक्षागृह, रॉबर्ट्सगंज में कवि सम्मेलन आयोजित होगा। इसमें स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के बलिदान, राष्ट्रीय एकता और सांप्रदायिक सौहार्द जैसे विषयों पर काव्य प्रस्तुतियां होंगी। इस प्रकार प्रभात फेरी से लेकर कवि सम्मेलन तक पूरा जनपद स्वतंत्रता दिवस पर राष्ट्रभक्ति के रंग में सराबोर नजर आएगा।