सहारनपुर। विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस एवं ‘हर घर तिरंगा’ महोत्सव के तहत 14 अगस्त को जनपद में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रमों को भव्य एवं व्यवस्थित ढंग से आयोजित कराने को लेकर मुख्य विकास अधिकारी सुमित राजेश महाजन की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में बैठक हुई। मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि 14 अगस्त को पूर्वाह्न 10 बजे मंडलायुक्त कार्यालय से राजकीय इंटर कॉलेज, नेहरू मार्केट तक तिरंगा रैली निकाली जाएगी। रैली में विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं अन्य लोग शामिल होंगे। रैली स्थल पर तिरंगा महोत्सव के साथ स्वयं सहायता समूहों, उद्योग विभाग, शिक्षा विभाग सहित विभिन्न विभागों की ओर से स्टॉल भी लगाए जाएंगे।read more:https://pahaltoday.com/woman-posing-as-a-bride-flees-after-administering-a-sedative-remains-at-large-even-after-a-month-and-a-half/ उन्होंने संबंधित विभागों को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सभी तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि इसी दिन पूर्वाह्न 11 बजे राजकीय इंटर कॉलेज, नेहरू मार्केट में विभाजन विभीषिका से संबंधित अभिलेखों की प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी। प्रदर्शनी में विभाजन के दौरान घटित घटनाओं से जुड़े अभिलेखों एवं सामग्री के माध्यम से लोगों को उस दौर की त्रासदी से अवगत कराया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान विभाजन के समय विस्थापित हुए परिवारों के सदस्यों को भी आमंत्रित किया जाएगा। विभाजन की त्रासदी के दौरान प्राणोत्सर्ग करने वाले लोगों की स्मृति में मौन श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। इसके साथ ही विस्थापित परिवारों के सदस्यों को सम्मानित भी किया जाएगा। बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन संतोष बहादुर सिंह, पीडीडीआरडीए प्रणय कृष्ण, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कोमल, जिला सूचना अधिकारी दिलीप कुमार गुप्ता सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।