नकुड़ (सहारनपुर)। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में बुधवार को नकुड़ में भाजपा की ओर से अलग-अलग तिरंगा यात्राएं निकाले जाने से स्थानीय राजनीति में हलचल तेज हो गई। नगर मंडल भाजपा ने सतयुग कॉलेज से यात्रा निकाली, जबकि नगर पालिका चेयरमैन शिवकुमार गुप्ता के नेतृत्व में नगर पालिका चैक से दूसरी तिरंगा यात्रा निकाली गई। दोनों यात्राओं का समय लगभग एक ही होने के कारण कार्यकर्ताओं और आमजन के बीच दिनभर चर्चा बनी रही। नगर मंडल अध्यक्ष आलोक जैन ने कई दिन पहले सोशल मीडिया के माध्यम से सुबह 10 बजे सतयुग कॉलेज से तिरंगा यात्रा आयोजित किए जाने की जानकारी साझा कर कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को आमंत्रित किया था। बताया जाता है कि नगर मंडल की ओर से पालिका चेयरमैन शिवकुमार गुप्ता को भी कार्यक्रम में आमंत्रित किया गया था। सूत्रों के अनुसार यात्रा के आयोजन और स्थान को लेकर सहमति नहीं बन सकी। इसके बाद चेयरमैन ने अपनी ओर से नगर पालिका चैक से तिरंगा यात्रा निकालने की घोषणा कर दी। बुधवार को दोनों यात्राएं अलग-अलग स्थानों से रवाना हुईं। पालिका की ओर से निकाली गई यात्रा में तहसील व पालिका कर्मचारी, स्कूली बच्चे तथा कुछ युवा शामिल हुए।read more:https://pahaltoday.com/demand-to-remove-government-country-liquor-shop-villagers-stage-protest-at-the-collectorate/#google_vignetteवहीं नगर मंडल की यात्रा में भाजपा संगठन से जुड़े पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की संख्या अधिक दिखाई दी। दोनों यात्राओं में क्षेत्रीय विधायक मुकेश चैधरी की मौजूदगी खास रही। विधायक दोनों कार्यक्रमों में शामिल हुए और राष्ट्रहित में भाजपा कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया। पूर्व विधायक महिपाल माजरा ने भी तिरंगा यात्रा में सहभागिता की। विधायक ने कहा कि देश और भारत माता की सेवा के लिए सभी को मिलकर आगे बढ़ना चाहिए। नगर मंडल की यात्रा में नगर महामंत्री राकेश गुप्ता, अवनीश सिरसका, भाजपा नेता शिव चरण वर्मा, सभासद वरुण मित्तल, अनुज सिंघल, देवेंद्र कश्यप समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल रहे। वहीं पालिका की यात्रा में प्रशासनिक एवं पालिका कर्मचारियों के अलावा स्कूली बच्चे और देहात क्षेत्र से जुड़े कुछ युवा नजर आए। एक ही अवसर पर भाजपा की ओर से दो अलग-अलग तिरंगा यात्राएं निकाले जाने को लेकर स्थानीय राजनीतिक हलकों में तरह-तरह की चर्चाएं रहीं। लोगों के बीच यह सवाल भी चर्चा का विषय बना रहा कि जब राष्ट्रभक्ति से जुड़े कार्यक्रम में दोनों पक्ष एक मंच पर नहीं आ सके तो आगामी विधानसभा चुनाव के दौरान संगठन के स्तर पर किस तरह तालमेल बनेगा। हालांकि विधायक मुकेश चैधरी ने दोनों यात्राओं में पहुंचकर एकजुटता का संदेश देने का प्रयास किया, लेकिन अलग-अलग यात्राओं ने नकुड़ भाजपा की स्थानीय सियासत को जरूर चर्चा में ला दिया।