बहराइच ( मिहींपुरवा )। भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत 59वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, नानपारा की संयुक्त गश्ती टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 17 बोरी यूरिया खाद और छह साइकिलों के साथ चार नेपाली नागरिकों को गिरफ्तार किया है।एसएसबी के अनुसार, 6 अगस्त 2026 को स्थानीय सूत्रों से मिली विश्वसनीय सूचना के आधार पर सीमा चौकी भादापुरवा एवं ‘एफ’ समवाय मुख्यालय लौकाही की संयुक्त गश्ती टीम करीब 12:15 बजे सीमा चौकी भादापुरवा क्षेत्र में भदा नदी के समीप गश्त कर रही थी। टीम सीमा स्तंभ संख्या 669/25 से करीब डेढ़ किलोमीटर भारतीय सीमा के अंदर पहुंची थी। इसी दौरान जवानों ने छह व्यक्तियों को यूरिया की बोरियां साइकिलों पर लादकर भारत से नेपाल की ओर ले जाते देखा।गश्ती दल द्वारा ललकारे जाने पर सभी लोग यूरिया और साइकिलें छोड़कर नेपाल की ओर भागने लगे। जवानों ने तत्परता दिखाते हुए चार लोगों को मौके पर ही पकड़ लिया, जबकि दो अन्य भागने में सफल रहे।read more:https://pahaltoday.com/villagers-upset-over-garbage-dumping-staged-a-protest-at-the-district-collectorate/गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राम भरोस चौधरी (46) निवासी खुंटीपुर वार्ड नंबर 11, जिला बर्दिया, नेपाल, विकाश थारू (25) निवासी बंगुसरी वार्ड नंबर 05, जिला बर्दिया, नेपाल, अनिल कुमार थारू (30) निवासी परसिया वार्ड नंबर 10, जिला गुलरिया, नेपाल तथा निरंजन थारू (21) निवासी बंगुसरी वार्ड नंबर 05, जिला बर्दिया, नेपाल के रूप में हुई है।
एसएसबी ने बताया कि बरामद 17 बोरी यूरिया, छह साइकिलों तथा गिरफ्तार चारों नेपाली नागरिकों को आवश्यक विधिक कार्रवाई के लिए सीमा शुल्क कार्यालय, मिहींपुरवा, बहराइच के सुपुर्द कर दिया गया है।59वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल की ओर से बताया गया कि भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी और अन्य सीमा पार अपराधों की रोकथाम के लिए लगातार निगरानी एवं अभियान चलाए जा रहे हैं। सीमा सुरक्षा को मजबूत बनाने के लिए एसएसबी स्थानीय सूचना तंत्र और संयुक्त गश्ती के माध्यम से सतर्कता बरत रही है। नेपाली तस्करों को यह खाद किस दुकान से मिली है इसकी भी खोजबीन में पुलिस एवं एसएसबी के जवान कर रहे हैं मालूम हो कि भारत से नेपाल खाद ले जाने वाले तस्कर को कैसे खाद प्राप्त हुई गंभीर विषय है। क्योंकि बिना आधार एवं किसान आईडी के खाद् प्राप्त नहीं हो रही है।