मोबाइल लुटेरों से पुलिस की मुठभेड़, एक के पैर में लगी गोली, दो बदमाश गिरफ्तार

*फिरोजाबाद*। शिकोहाबाद पुलिस ने मोबाइल लूट की वारदातों में वांछित दो शातिर बदमाशों को शुक्रवार को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसे पुलिस अभिरक्षा में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने दोनों आरोपितों के कब्जे से तमंचा, कारतूस, लूट के पांच मोबाइल फोन, सात हजार रुपये नकद और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत शिकोहाबाद पुलिस को सूचना मिली थी कि मोबाइल लूट के मामलों में वांछित बदमाश पुरातन रोड स्थित एक कोल्ड स्टोर के पास किसी वारदात की फिराक में हैं। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी की। पुलिस को देखकर बाइक सवार दोनों युवक भागने लगे, लेकिन बाइक फिसलकर गिर गई। पुलिस के अनुसार, इस दौरान एक बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में ऋषि उर्फ कन्हई के पैर में गोली लग गई, जबकि उसका साथी मनीष को कॉम्बिंग के दौरान दबोच लिया गया।read more:https://pahaltoday.com/weavers-to-be-empowered-by-modern-technology-handloom-industry-in-nandganj-gains-new-momentum/गिरफ्तार आरोपितों की पहचान ऋषि उर्फ कन्हई पुत्र हरनाम और मनीष पुत्र विजेंद्र, निवासी गिहार कॉलोनी, थाना भोगांव, जनपद मैनपुरी के रूप में हुई है। घायल ऋषि का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है।पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से एक अवैध तमंचा, एक खोखा कारतूस, चार जिंदा कारतूस, मोबाइल लूट में प्रयुक्त राइडर मोटरसाइकिल, सात हजार रुपये नकद, एक ओप्पो मोबाइल तथा विभिन्न घटनाओं से लूटे गए चार अन्य मोबाइल फोन बरामद किए हैं।पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपितों पर मैनपुरी, आगरा और अन्य जिलों में लूट, आर्म्स एक्ट, आबकारी अधिनियम, गैंगस्टर एक्ट सहित कई संगीन धाराओं में एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस दोनों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *