गागलहेडी। पंचायत कैलाशपुर स्थित पंच महादेव शिव मंदिर कांवड़ शिविर में सोमवार को पहुंचे जिला विकास अधिकारी धीरेंद्र कुमार यादव का शिविर प्रबंधन समिति एवं कांवड़ सेवादारों ने गर्मजोशी के साथ स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस अवसर पर उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट कर तथा चुनरी ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। जिला विकास अधिकारी ने शिविर में कांवड़ यात्रियों के लिए की गई व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए सेवा कार्यों को पुण्यदायी बताया। उन्होंने कहा कि श्रावण मास में शिवभक्तों की सेवा भारतीय संस्कृति की महान परंपरा का प्रतीक है। शिविर संचालक नलनीश शर्मा ने अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए बताया कि शिविर में कांवड़ियों के लिए भोजन, विश्राम, पेयजल एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। इस दौरान पंचायत सचिव अजय कुमार सिंह, संजय अरोड़ा, विवेक सहित अनेक कांवड़ सेवादार मौजूद रहे।
प्रमुख मार्गों और चैराहों पर विशेष चेकिंग अभियान, दर्जनभर वाहनों के चालान
गंगोह। कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित संपन्न कराने के उद्देश्य से गुरूवार को नगर के प्रमुख मार्गों और चैराहों पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान तेज आवाज वाले साइलेंसर और पटाखा छोड़ने वाली बाइकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दर्जनभर वाहनों के चालान किए गए। गुरूवार को सीओ शशि प्रकाश शर्मा व कोतवाली प्रभारी इन्द्रेश चैहान के निर्देशन में कोतवाली पुलिस टीम ने नगर के प्रमुख मार्गों और चैराहों पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान तेज आवाज वाले साइलेंसर और पटाखा छोड़ने वाली बाइकों पर विशेष कार्रवाई करते हुए दर्जनभर वाहनों के चालान किए गए। सीओ ने नगरवासियों से कांवड़ यात्रा के दौरान पुलिस का सहयोग करने की अपील की। उन्होंने दुकानदारों से कहा कि दुकान के बाहर होर्डिंग, सामान या अतिक्रमण न करें, ताकि मुख्य मार्गों पर जाम की स्थिति न बने। कोतवाली प्रभारी ने ई-रिक्शा चालकों को भी चेतावनी दी कि बिना आवश्यकता मुख्य मार्गों पर वाहन न चलाएं। यदि कोई नाबालिग ई-रिक्शा चलाते हुए मिला या यातायात बाधित करता पाया गया तो उसके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही फल एवं सब्जी विक्रेताओं से भी अपनी रेहड़ियां सड़क से पीछे लगाने की अपील की गई है, जिससे कांवड़ियों और आम लोगों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।