सहारनपुर। श्रावण मास में हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे लाखों शिवभक्त कांवड़ियों की सेवा के लिए सहारनपुर उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल द्वारा आयोजित 20वें विशाल चिकित्सा कांवड़ सेवा शिविर में श्रद्धा और समर्पण के साथ सेवा कार्य निरंतर जारी हैं। आधुनिक सुविधाओं और निःशुल्क चिकित्सा सेवाओं के कारण यह शिविर कांवड़ियों के लिए राहत का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। शिविर में चिकित्सकों की अनुभवी टीम चैबीसों घंटे कांवड़ियों का स्वास्थ्य परीक्षण कर रही है तथा बुखार, थकान, चोट, छाले, दर्द और अन्य सामान्य स्वास्थ्य समस्याओं का मौके पर ही निःशुल्क उपचार एवं दवा उपलब्ध कराई जा रही है। इससे प्रतिदिन हजारों श्रद्धालुओं को राहत मिल रही है। कांवड़ियों की सुविधा के लिए शिविर में एक साथ लगभग 400 मोबाइल फोन चार्ज करने की क्षमता वाला विशाल मोबाइल चार्जिंग स्टेशन स्थापित किया गया है। इससे दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं को अपने परिजनों से संपर्क बनाए रखने में काफी सहूलियत मिल रही है। इसके अलावा व्यापार मंडल द्वारा पूरे कांवड़ मार्ग पर अपनी तरह की अनूठी व्यवस्था करते हुए 20 से अधिक अत्याधुनिक फुट मसाज मशीनें लगाई गई हैं। लंबी पैदल यात्रा से थके श्रद्धालु इन मशीनों के माध्यम से पैरों की मसाज कराकर राहत महसूस कर रहे हैं और नई ऊर्जा के साथ अपनी यात्रा आगे बढ़ा रहे हैं। शिविर में स्वच्छ पेयजल, विश्राम, प्राथमिक उपचार सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं की भी समुचित व्यवस्था की गई है। व्यापार मंडल के पदाधिकारी, सदस्य और स्वयंसेवक पूरे समर्पण के साथ सेवा कार्यों में जुटे हुए हैं।read more:https://pahaltoday.com/cmo-saved-the-lives-of-passengers-injured-in-a-road-accident/शिविर का निरीक्षण करने पहुंचे विभिन्न सामाजिक, धार्मिक और राजनीतिक संगठनों के प्रतिनिधियों तथा प्रशासनिक अधिकारियों ने व्यापार मंडल की इस सेवा भावना की सराहना करते हुए इसे मानव सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि पिछले दो दशकों से निरंतर संचालित यह सेवा अभियान समाज के लिए प्रेरणास्रोत है और निस्वार्थ भाव से की गई सेवा ही सच्ची शिव सेवा है। इस अवसर पर सिटी मजिस्ट्रेट कुलदीप सिंह, आरटीओ शंकर, एसपी ट्रैफिक शैलेंद्र श्रीवास्तव, एडीएम न्यायिक ए.के. वर्मा, पूर्व जिलाधिकारी दिनेश चंद्रा, महापौर डॉ. अजय सिंह, प्रथम महापौर संजीव वालिया, धर्मगुरु सुदीक्षा देवी, महामंडलेश्वर धीरज भारद्वाज, भाजपा महानगर अध्यक्ष शीतल बिश्नोई, विधायक शहनवाज खान, पूर्व मंत्री शायन मसूद सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। व्यापार मंडल के महानगर अध्यक्ष विवेक मनोचा ने सभी चिकित्सकों, स्वयंसेवकों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संस्था भविष्य में भी सेवा, समर्पण और मानव कल्याण के ऐसे कार्य निरंतर जारी रखेगी। वरिष्ठ महामंत्री सुरेंद्र मोहन सिंह चावला, महामंत्री पुनीत चैहान, कोषाध्यक्ष सुधीर मिगलानी सहित व्यापार मंडल के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य भी सेवा कार्यों में सक्रिय रूप से उपस्थित रहे।