गंगोह में पुलिस मुठभेड़ के बाद शातिर गौकश अखलाक गिरफ्तार, जिंदा गोवंश समेत हथियार बरामद

सहारनपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अपराध एवं गौकशी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना गंगोह पुलिस ने बुधवार देर रात पुलिस मुठभेड़ के बाद एक शातिर गौकश को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक जिंदा गोवंश, तमंचा, कारतूस, कुल्हाड़ी, चाकू, रस्सी, तराजू और अन्य सामान बरामद किया है। फरार चार आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार कॉम्बिंग अभियान चला रही है। पुलिस के अनुसार, प्रभारी निरीक्षक गंगोह एवं उपनिरीक्षक बिलेश कुमार सिसौदिया अपनी टीम के साथ सिराजपुर तिराहे पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि बिशनगढ़ से यमुना नदी की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते पर चार-पांच लोग एक गोवंश को ले जाकर काटने की तैयारी कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वहां कुछ लोग रस्सी से बंधे गोवंश को काटने की तैयारी कर रहे थे। पुलिस ने उन्हें ललकार कर आत्मसमर्पण करने को कहा, लेकिन आरोपियों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी।

read more:https://pahaltoday.com/manveer-singh-arrested-near-nepal-border-sent-to-punjab-under-tight-security/ आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी, जबकि उसके चार साथी अंधेरे और जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गए। गिरफ्तार घायल आरोपी की पहचान अखलाक पुत्र अल्लाबंदा निवासी ग्राम हलवाना, थाना गंगोह के रूप में हुई है। उसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गंगोह में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक तमंचा .315 बोर, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, एक कुल्हाड़ी, दो चाकू, एक रस्सी, एक तराजू, एक व आधा किलो के बाट तथा एक जिंदा गोवंश बरामद किया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार गिरफ्तार आरोपी अखलाक शातिर किस्म का अपराधी है। उसके खिलाफ थाना गंगोह में गौकशी, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट और चोरी सहित कई संगीन धाराओं में मुकदमे पहले से दर्ज हैं। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। जनपद में अपराधियों और गौकशी में संलिप्त तत्वों के खिलाफ अभियान आगे भी इसी सख्ती के साथ जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *