बाराबंकी। सावन के पहले सोमवार को श्री लोधेश्वर महादेवा धाम में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। भगवान शिव का जलाभिषेक करने के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। रात में हुई बारिश के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। शिवभक्त ‘हर-हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ के जयकारों के साथ कतारों में लगे रहे। प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए रविवार रात 12 बजकर 15 मिनट पर मंदिर के कपाट खोल दिए थे। इसके बाद सोमवार देर शाम तक जलाभिषेक का क्रम अनवरत जारी रहा। भक्तों ने दूध, दही, गंगाजल, शहद, बेलपत्र, भांग, धतूरा, कमल, अक्षत और पुष्पों से भोलेनाथ का विधिवत पूजन-अर्चन किया। श्रद्धालुओं ने आस्था और भक्ति भाव से लबरेज होकर भगवान शिव का अभिषेक किया। कानपुर, उन्नाव, झांसी, जालौन, उरई, गोंडा, करनैलगंज, सीतापुर सहित प्रदेश के कई जिलों से पैदल और कांवड़ लेकर पहुंचे श्रद्धालुओं ने बाबा लोधेश्वर के दर्शन कर स्वयं को धन्य बताया। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे। जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह और पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने संयुक्त रूप से लोधेश्वर महादेव मंदिर, मेला क्षेत्र और कांवड़ यात्रा मार्ग का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने पुलिस पिकेट, बैरिकेडिंग, रूट डायवर्जन, पार्किंग व्यवस्था और पैदल मार्ग का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं में किसी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए। अधिकारियों ने भीड़ प्रबंधन, यातायात संचालन और आपातकालीन सेवाओं को पूरी तरह सक्रिय रखने के निर्देश भी दिए। मंदिर के मुख्य द्वार पर चौकी प्रभारी राजेश पांडे श्रद्धालुओं की आवाजाही पर नजर रखे हुए थे, जबकि मंदिर परिसर के भीतर थाना प्रभारी अरुण प्रताप सिंह स्वयं पुलिस बल के साथ सुरक्षा व्यवस्था संभाले रहे। अपर पुलिस अधीक्षक विकास चंद्र त्रिपाठी और क्षेत्राधिकारी रामनगर गरिमा पंत लगातार मेला क्षेत्र का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करते रहे। वहीं उपजिलाधिकारी आकांक्षा गुप्ता और तहसीलदार विपुल कुमार सिंह श्रद्धालुओं से संवाद कर व्यवस्थाओं का जायजा लेते रहे और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देते रहे। रेल मार्ग से आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बुढ़वल जंक्शन पर भी विशेष सुरक्षा व्यवस्था लागू रही। आरपीएफ प्रभारी रवि कुमार ने बताया कि महादेवा जाने वाले मार्ग पर स्थित गेट संख्या-303 सहित पूरे स्टेशन परिसर में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किया गया है। स्टेशन के बाहर भी जवानों की तैनाती की गई ताकि श्रद्धालुओं को आवागमन में कोई परेशानी न हो। जीआरपी प्रभारी दुर्गेश कुमार ने बताया कि स्टेशन और आसपास के पूरे क्षेत्र में लगातार गश्त की जा रही है और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है। दिनभर चलने वाले जलाभिषेक के दौरान मंदिर परिसर और मेला क्षेत्र में धार्मिक उत्साह, अनुशासन और प्रशासनिक सतर्कता का सुंदर समन्वय देखने को मिल रहा है। वहीं महादेवा के साथ ही हैदरगढ़ के अवश्वानेश्वर मंदिर, सिद्धौर स्थित सिद्धेश्वर महादेव मंदिर, धनोखर चौराहा, कैलाश आश्रम और नागेश्वरनाथ मंदिर में भी श्रद्धालुओं की लंबी कतारें सुबह से ही लगनी शुरू हो गई थीं। सभी मंदिरों में भक्तों ने भोलेनाथ का जलाभिषेक कर मंगलकामनाएं कीं।readmore:https://khabarentertainment.in/32-complaints-registered-at-the-sampoorna-samadhan-diwas-sdm-issues-directives-for-quality-resolution/
पूर्व मंत्री अरविंद सिंह गोप ने की पूजा
बाराबंकी। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव पूर्व कैबिनेट मंत्री अरविंद कुमार सिंह गोप ने नगर पंचायत सिद्धौर स्थित सिद्धेश्वर महादेव मंदिर मे श्रावण मास के प्रथम सोमवार को देवाधिदेव भगवान भोलेनाथ का विधिविधान पूर्वक रुद्राभिषेक किया। इस मौके पर मुख्य रूप से पूर्व विधायक राम गोपाल रावत, पूर्व जिला अध्यक्ष डॉ कुलदीप सिंह, जिला उपाध्यक्ष अजय वर्मा बबलू, जिला प्रवक्ता वीरेंद्र प्रधान, बलराम सिंह, सानू सिंह राठौड़, जिला सचिव पवन वर्मा, आकाश यादव, अभिषेक यादव, रोशन सिंह, सतीश यादव, राजेश सिंह, उत्तम लाल, गंगाराम रावत जितेंद्र रावत, कमलेश यादव, अवधेश यादव आदि प्रमुख लोगों उपस्थित रहे।