बाराबंकी। फतेहपुर नगर पंचायत क्षेत्र में लगातार बिजली कटौती, लो वोल्टेज और जर्जर विद्युत व्यवस्था से परेशान निवासियों ने मंगलवार को उपजिलाधिकारी को संबोधित एक ज्ञापन तहसीलदार वैशाली अहलावत को सौंपा। उन्होंने इस समस्या के शीघ्र समाधान की मांग की। ज्ञापन में बताया गया कि नगर पंचायत क्षेत्र में प्रतिदिन घंटों बिजली कटौती की जा रही है। रात के समय बार-बार फेज कटने और लो वोल्टेज की समस्या के कारण अधिकांश घरों में इन्वर्टर भी ठीक से चार्ज नहीं हो पा रहे हैं, जिससे आम नागरिकों को रातभर भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि कम क्षमता के ट्रांसफार्मरों और जर्जर विद्युत उपकरणों के कारण बार-बार बिजली आपूर्ति बाधित होती है। प्रशासन से मांग की गई है कि रात्रि में फेज कटने की समस्या का तत्काल समाधान किया जाए।read more:https://khabarentertainment.in/administration-gears-up-for-kanwar-yatra-divisional-commissioner-issues-strict-directives/ साथ ही मस्तान रोड, नालापार दक्षिणी, मछली मंडी, ब्रह्मनीटोला, पुलिस चौकी, पटेल चौराहा, पचघरा, सराय बाजार और बाबूराम होटल के सामने सहित विभिन्न स्थानों पर लगे ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाई जाए और जर्जर उपकरणों को बदला जाए। मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप हो रही अनावश्यक बिजली कटौती पर भी रोक लगाने की मांग की गई। ज्ञापन जिला जमीयत उलेमा बाराबंकी के उपाध्यक्ष एवं समाजसेवी मोहम्मद शाकिर बहलीम के नेतृत्व में सौंपा गया। मोहम्मद शाकिर बहलीम ने कहा कि यदि समय रहते समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आम जनता की परेशानी और बढ़ेगी। उन्होंने प्रशासन से जनहित को देखते हुए जल्द प्रभावी कार्रवाई करने की अपील की। ज्ञापन पर कई स्थानीय लोगों ने भी हस्ताक्षर कर अपना समर्थन दिया।