शिवा हत्याकांड में पुलिस की बड़ी सफलता, मुठभेड़ में दो वांछित आरोपी गिरफ्तार

सहारनपुर। देवबंद के चर्चित शिवा हत्याकांड में सहारनपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। हत्या के मामले में फरार चल रहे दो वांछित आरोपियों को देवबंद पुलिस और स्वाट टीम ने पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगने के बाद उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस पूरे घटनाक्रम का खुलासा बुधवार को पुलिस लाइन स्थित नवीन सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान पुलिस अधीक्षक देहात मयंक पाठक ने किया। प्रेस वार्ता में एसपी देहात मयंक पाठक ने बताया कि शिवा हत्याकांड के बाद मंगलवार को परिजनों और ग्रामीणों ने शव रखकर हाईवे जाम कर दिया था। उस दौरान पुलिस प्रशासन ने 24 घंटे के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया था। पुलिस और स्वाट टीम की संयुक्त टीम ने लगातार अभियान चलाते हुए मात्र 12 घंटे के भीतर हत्या में शामिल दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने बताया कि मामले का एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और उसे भी शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा। एसपी देहात ने बताया कि 29 जुलाई की सुबह प्रभारी निरीक्षक कपिल देव के नेतृत्व में देवबंद पुलिस और स्वाट टीम देवबंद-मंगलौर मार्ग स्थित बॉर्डर चैकी के पास वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का संकेत दिया, लेकिन दोनों ने पुलिस टीम पर फायरिंग करते हुए भागने का प्रयास किया। पुलिस ने पीछा किया तो गंगादासपुर मार्ग पर सड़क क्षतिग्रस्त होने और गारा-मिट्टी के कारण आरोपियों की मोटरसाइकिल फिसल गई।read more:https://khabarentertainment.in/cunning-man-arrested-for-pressuring-woman-into-marriage-through-blackmail/ इसके बाद दोनों आरोपी ईख के खेत में घुस गए और पुलिस पर दोबारा फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के बाएं पैर तथा दूसरे आरोपी के दाएं पैर में गोली लगी, जिसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आदि उर्फ आदित्य पुत्र सुधीर कुमार निवासी जड़ौदा जट्ट तथा सूर्याश पुत्र दीपक कुमार निवासी शास्त्री चैकी, देवबंद के रूप में हुई है। दोनों के कब्जे से दो तमंचे 315 बोर, चार जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस तथा बिना नंबर प्लेट की एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है। प्रेस वार्ता में एसपी देहात मयंक पाठक ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि करीब 15 दिन पहले तमंचा दिखाने की बात को लेकर शिवा से उनका विवाद हुआ था। इसी रंजिश में उन्होंने अपने साथियों के साथ मिलकर 26 जुलाई की रात शिवा को घर से बुलाया और टीचर कॉलोनी के पीछे ईख के खेत में ले जाकर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। पहचान छिपाने के उद्देश्य से शव को खेत में छोड़कर फरार हो गए थे। उन्होंने बताया कि इस हत्याकांड में शामिल एक आरोपी को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जबकि चैथे आरोपी की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है। जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। एसपी देहात ने कहा कि जनपद में अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। हत्या, लूट, चोरी और अन्य गंभीर अपराधों में शामिल किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों को सलाखों के पीछे पहुंचाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। प्रेस वार्ता में पुलिस अधिकारियों ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी देते हुए बरामद हथियार और मोटरसाइकिल भी मीडिया के सामने प्रस्तुत की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *