नशे के खिलाफ सख्त होगी कार्रवाई, युवाओं को किया जाएगा जागरूक

जिलाधिकारी चर्चित गौड़ के निर्देशन में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में अपर जिलाधिकारी (वि.रा.) वागीश कुमार शुक्ला की अध्यक्षता में जिला स्तरीय स्वापक नियंत्रण समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण, युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने तथा विभिन्न विभागों के समन्वय से कार्ययोजना तैयार करने पर विस्तार से चर्चा की गई।बैठक में एडीएम ने पुलिस विभाग को निर्देश दिए कि मादक पदार्थों की अवैध बिक्री, परिवहन और तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ लगातार विशेष अभियान चलाकर कठोर कार्रवाई की जाए। साथ ही एनडीपीएस अधिनियम के तहत दर्ज मामलों की नियमित समीक्षा कर उनका त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने शिक्षा एवं समाज कल्याण विभाग को विद्यालयों, महाविद्यालयों और सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। विद्यार्थियों और युवाओं को नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक करने के लिए शपथ, संगोष्ठी, रैली और अन्य कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे।read more:https://khabarentertainment.in/cattle-found-below-standards-and-shortage-of-fodder-observed-during-sdms-surprise-inspection/ बैठक में युवाओं के बीच कोडीनयुक्त कफ सिरप, ट्रामाडोल और अन्य दर्द निवारक दवाओं के दुरुपयोग पर चिंता व्यक्त करते हुए स्वास्थ्य, औषधि और शिक्षा विभाग को संयुक्त अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। औषधि विक्रेताओं को भी इस संबंध में जागरूक करने पर जोर दिया गया। इसके अलावा आबकारी एवं ड्रग निरीक्षक को लाइसेंसधारियों का संयुक्त निरीक्षण करने, अवैध मादक पदार्थों की खेती और तस्करी पर कड़ी निगरानी रखने तथा ऐसे मामलों में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। समाज कल्याण विभाग को नशे के आदी लोगों के उपचार, व्यसन मुक्ति और पुनर्वास के लिए प्रभावी कार्यक्रम संचालित करने को कहा गया। बैठक में जिला कृषि अधिकारी को निर्देशित किया गया कि जनपद में किसी भी प्रकार की अवैध मादक फसल की खेती न होने पाए। कहीं भी ऐसी खेती मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना देकर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। एडीएम ने कहा कि नशामुक्त समाज का निर्माण शासन, प्रशासन और समाज के संयुक्त प्रयासों से ही संभव है। सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करते हुए जनपद में मादक पदार्थों के दुरुपयोग पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करें। बैठक में पुलिस, आबकारी, स्वास्थ्य, शिक्षा, समाज कल्याण, कृषि एवं औषधि प्रशासन सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *