जमानिया। कोतवाली क्षेत्र के सब्बलपुर कलां गांव में शनिवार देर रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। घर में अकेले सो रहे 26 वर्षीय बाइक मैकेनिक विजय उर्फ भोला बिंद की अज्ञात हमलावरों ने चाकुओं से गोदकर निर्मम हत्या कर दी। घटना की जानकारी रविवार सुबह परिजनों को उस समय हुई, जब वे कमरे के अंदर पहुंचे। सूचना मिलते ही पुलिस, फोरेंसिक टीम, एसओजी और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटना स्थल की गहनता से जांच करते हुए आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कसेरा पोखरा निवासी मृतक की मां निर्मला देवी ने बताया कि विजय चार भाइयों में तीसरे नंबर पर था। लगभग चार वर्ष पूर्व अपने नाना लीलाधर राम की मृत्यु के बाद से वह अपनी मौसी ऊषा देवी के साथ सब्बलपुर कलां स्थित ननिहाल में ही रह रहा था। वह कोतवाली क्षेत्र के भैदपुर गांव में बाइक मैकेनिक की दुकान चलाकर अपना जीवन यापन करता था। सब्बलपुर गांव में दो घर है। जिसमें से एक में उसकी मौसी और एक में भोला रहता था। भोला प्रतिदिन मौसी के यहां खाना खाता था और उनके घर से चंद कदमाें की दूरी पर स्थित दूसरे मकान में रहता था। मौसी उषा ने बताया कि शनिवार की रात वह बिना खाना खाए ही अपने कमरे में अकेला सो रहा था। उन्होंने बताया कि देर रात हमलावरों ने उस पर जानलेवा हमला कर दिया।readmore:https://worldtrustednews.in/yogi-government-working-to-make-youth-skilled-in-line-with-industry-demand/रविवार सुबह घटना का खुलासा उस वक्त हुआ जब मृतक के मौसा शिवकरन बिंद दाढ़ी बनवाने के लिए घर से बाहर निकले और उसके घर गए उन्होंने विजय के कमरे का दरवाजा खुला देखा। अनहोनी की आशंका पर जब वे कमरे के भीतर गए तो विजय खून से लथपथ हालत में खटिया पर पड़ा था और उसकी मौत हो चुकी थी। उसकी गर्दन के बाई ओर चाकू लगा हुआ था। इस घटना के पीछे परिजनों ने सुनियोजित साजिश की आशंका जताई है। परिजनों का आरोप है कि वारदात से कुछ समय पहले कुछ संदिग्ध और अज्ञात लोग घर के बाहर आए थे और अपने मोबाइल फोन से मकान की तस्वीरें लेकर चले गए थे। इसके अलावा मृतक की मां ने आशंका व्यक्त की है कि विजय का पड़ोसी गांव की एक युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था, और संभवतः इसी रंजिश के चलते उसकी हत्या को अंजाम दिया गया है। घटना की जानकारी देते हुए क्षेत्राधिकारी अंकित तिवारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर परिजनों की तहरीर पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सभी पहलुओं और संभावित कारणों की गहनता से जांच कर रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया है और जल्द ही इस हत्याकांड का खुलासा कर दोषियों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।