पुलिस मुठभेड़ में दो शातिर झपटमार गिरफ्तार

सहारनपुर। सदर बाजार थाना पुलिस ने झपटमारी की घटना का सफल अनावरण करते हुए पुलिस मुठभेड़ के बाद दो शातिर झपटमारों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से महिला का छीना गया कान का कुंडल, अवैध तमंचा, कारतूस, चाकू, दो मोबाइल फोन तथा वारदात में प्रयुक्त स्कूटी बरामद की गई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार 20 जुलाई को न्यू आवास विकास निवासी रजनी गुप्ता ने थाना सदर बाजार में शिकायत दर्ज कराई थी कि स्कूटी सवार दो अज्ञात युवकों ने उनके कान का सोने का कुंडल झपटकर फरार हो गए थे। घटना के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत 22 जुलाई को थाना प्रभारी निरीक्षक चन्द्रसैन सैनी अपनी टीम के साथ दिल्ली रोड स्थित छिदबाना कट पर चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान स्कूटी पर सवार दो संदिग्ध युवक दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन वे भाग निकले और पीछा करने पर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने घेराबंदी कर उनका पीछा जारी रखा। न्यू आवास विकास तिराहे के पास उनकी स्कूटी फिसल गई, जिसके बाद दोनों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।read more:https://worldtrustednews.in/suheldevs-legacy-was-not-their-choice-they-preferred-the-ghazi-miyan-fair-and-that-is-why-the-opposition-met-its-downfall-cm-yogi/गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रोहित सैनी उर्फ छोटू निवासी शारदा नगर तथा आयुष शर्मा निवासी शारदा नगर, थाना कुतुबशेर के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से महिला का छीना गया सोने का कुंडल, एक देशी तमंचा 315 बोर, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा, एक चाकू, दो मोबाइल फोन तथा घटना में प्रयुक्त हीरो प्लेजर स्कूटी बरामद हुई। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे आर्थिक तंगी के चलते अकेली महिलाओं को निशाना बनाकर झपटमारी की घटनाओं को अंजाम देते थे। वारदात के दौरान लोगों को डराने-धमकाने के लिए अपने पास तमंचा और चाकू रखते थे। 20 जुलाई को भी उन्होंने योजना बनाकर महिला से कुंडल छीना था और उसे बेचने के लिए ग्राहक की तलाश में निकले थे। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि दोनों आरोपियों पर पहले से झपटमारी के कई मुकदमे दर्ज हैं। बरामदगी के आधार पर पुलिस ने संबंधित मुकदमे में अतिरिक्त धाराएं बढ़ाते हुए आयुध अधिनियम के तहत भी कार्रवाई की है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जिले में झपटमारी, लूट और चोरी जैसी घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *