जिला कारागार गाजीपुर में बच्चों ने चलाया हरित अभियान, 70 पौधों का किया वृक्षारोपण

गाजीपुर। जिला कारागार गाजीपुर में बुधवार को पर्यावरण संरक्षण का प्रेरणादायी संदेश देते हुए सनबीम स्कूल, महाराजगंज के 62 छात्र-छात्राओं ने विद्यालय स्टाफ के साथ कारागार परिसर में वृहद वृक्षारोपण अभियान चलाया। इस दौरान जेल परिसर के बैरक नंबर-12 एवं मुख्य मार्ग पर लगभग 70 विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे गए।
कार्यक्रम का आयोजन जेल अधीक्षक जगदंबा प्रसाद दुबे के निर्देशन एवं जेलर शेषनाथ यादव की उपस्थिति में संपन्न हुआ। बच्चों ने उत्साहपूर्वक नीम, नींबू, आम, आंवला, गेंदा, गुलाब, चांदनी, तुलसी सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
सनबीम स्कूल की ओर से अभिषेक सिंह, शुभदा राय तथा उनके साथ आईं 10 महिला शिक्षिकाओं ने भी वृक्षारोपण अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाई और बच्चों का उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर डिप्टी जेलर राजेश कुमार, शिक्षा अध्यापक धर्मेंद्र श्रीवास्तव, अभय मौर्या (चीफ), जेल वार्डर एवं अन्य कारागार कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन पर जेल अधीक्षक जगदंबा प्रसाद दुबे ने सभी बच्चों के साथ स्मृति चित्र खिंचवाए तथा उनके उत्साह और पर्यावरण के प्रति जागरूकता की सराहना करते हुए चॉकलेट, बिस्किट एवं जलपान वितरित किया।
जिला कारागार में आयोजित इस हरित अभियान ने न केवल परिसर को हरियाली से आच्छादित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया, बल्कि बच्चों के मन में प्रकृति संरक्षण और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना भी मजबूत की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *