सहारनपुर। सहारनपुर लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस सांसद इमरान मसूद सैय्यद माजरा गांव के कब्रिस्तान में जलभराव के कारण क्षतिग्रस्त हुई कब्रों के मामले को संसद में उठाएंगे। इस संबंध में उन्होंने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को नियम-377 के अंतर्गत प्रार्थना पत्र भेजकर विषय उठाने की अनुमति मांगी थी, जिसे स्वीकार कर लिया गया है। कांग्रेस जिला प्रवक्ता गणेश दत्त शर्मा द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि सांसद इमरान मसूद ने लोकसभा अध्यक्ष का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सैय्यद माजरा में हाल ही में हुई भारी बारिश के कारण कब्रिस्तान में जलभराव हो गया था। इससे कई कब्रें क्षतिग्रस्त हो गईं और कुछ स्थानों पर शव बाहर आने की घटना सामने आई, जो अत्यंत दुखद और संवेदनशील है। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं समाज की भावनाओं को आहत करती हैं और इनके स्थायी समाधान के लिए सरकार को गंभीरता से कदम उठाने होंगे। सांसद इमरान मसूद ने कहा कि क्षेत्र में मिट्टी का कटाव, हिंडन नदी और आसपास के जलस्रोतों का बरसात के समय उफान पर होना तथा प्रभावी जल निकासी व्यवस्था का अभाव इस समस्या की मुख्य वजह है। उनका आरोप है कि राष्ट्रीय राजमार्ग के आसपास स्थित गांवों में जल निकासी के लिए अब तक कोई दीर्घकालिक योजना नहीं बनाई गई है, जिसके कारण हर वर्ष बरसात के मौसम में गलियां, सड़कें और सार्वजनिक स्थान जलमग्न हो जाते हैं। उन्होंने कहा कि जलभराव के कारण ग्रामीणों का दैनिक जीवन प्रभावित होता है। कीचड़ और गड्ढों से भरी सड़कों पर आवागमन कठिन हो जाता है तथा बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों और किसानों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ती है। उन्होंने कहा कि यह समस्या केवल सैय्यद माजरा तक सीमित नहीं है, बल्कि जिले के कई ग्रामीण क्षेत्रों में हर वर्ष ऐसी स्थिति बनती है। इमरान मसूद ने कहा कि वह लोकसभा में इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाकर सरकार का ध्यान ग्रामीण क्षेत्रों में जल निकासी, सड़क निर्माण और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की ओर आकर्षित करेंगे। उन्होंने मांग की कि सरकार स्थायी और दीर्घकालिक योजना बनाकर ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाए। सांसद ने कहा कि जनप्रतिनिधि होने के नाते क्षेत्र की समस्याओं को संसद तक पहुंचाना उनकी जिम्मेदारी है। उन्होंने विश्वास जताया कि सरकार इस गंभीर जनसमस्या पर सकारात्मक विचार करेगी और ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के लिए आवश्यक योजनाओं को प्राथमिकता देगी।